चारधाम पहुंचे 50 लाख से अधिक यात्री; गंगोत्री-यमुनोत्री में श्रद्धालुओं का नया रिकॉर्ड
देहरादून, 14 सितम्बर। गंगोत्री और यमुनोत्री धाम की यात्रा ने इस वर्ष श्रद्धालुओं की संख्या के नए रिकॉर्ड बनाए हैं। गंगोत्री धाम के यात्रा इतिहास में पहली बार 7 लाख 84 हजार 321 श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं, जबकि यमुनोत्री में यह संख्या 7 लाख 3 हजार 302 पहुंच गई है।
चारधाम यात्रा के 147 दिनों में 12 सितम्बर तक कुल 50 लाख 28 हजार 497 श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। पिछले वर्ष इसी अवधि में 45 लाख 9 हजार 324 यात्री पहुंचे थे। इस तरह इस बार अब तक 5 लाख 19 हजार 173 अधिक श्रद्धालु चारधाम पहुंचे हैं।
गंगोत्री में इससे पहले वर्ष 2022 में 7 लाख 81 हजार 961 यात्रियों का सर्वाधिक आंकड़ा था। यमुनोत्री में पिछले वर्ष रिकॉर्ड 6 लाख 44 हजार 637 श्रद्धालु पहुंचे थे, जो इस बार पहले ही टूट चुका है।
बद्रीनाथ धाम में 12 सितम्बर तक 17 लाख 28 हजार 578 श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। यह पिछले वर्ष की समान अवधि से 3 लाख 45 हजार 733 अधिक है। हेमकुंट साहिब में भी श्रद्धालुओं की संख्या 3 लाख 19 हजार 135 पहुंच चुकी है। यात्रा में अभी करीब दो महीने शेष रहने से कुल संख्या और बढ़ने की संभावना है।
