क्षेत्रीय समाचार

एएफसीएटी 2026 में आदर्श मिश्रा ने हासिल की अखिल भारतीय 161वीं रैंक

 

थराली, 16 जून (हरेंद्र बिष्ट)। विकासखंड देवाल के सेलखोला निवासी आदर्श मिश्रा ने एयरफोर्स कॉमन एडमिशन टेस्ट (एएफसीएटी)-2026 में अखिल भारतीय स्तर पर 161वीं रैंक प्राप्त कर अपने माता-पिता, क्षेत्र और प्रदेश का नाम रोशन किया है। एक साधारण मध्यमवर्गीय परिवार से आने वाले आदर्श की इस उपलब्धि पर क्षेत्र में खुशी का माहौल है और लोग उनकी सफलता की सराहना कर रहे हैं।
जानकारी के अनुसार आदर्श मिश्रा ने एमएससी प्रथम वर्ष की पढ़ाई के दौरान ही एएफसीएटी परीक्षा दी थी। पहली ही कोशिश में उन्होंने सफलता प्राप्त करते हुए देशभर में 161वीं रैंक हासिल की। बचपन से ही मेधावी और मेहनती रहे आदर्श के पिता चंद्रमोहन मिश्रा देवाल बाजार में एक छोटे व्यवसायी हैं, जबकि उनकी माता इंद्रा मिश्रा गृहिणी होने के साथ-साथ प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र देवाल में आशा कार्यकर्ता के रूप में भी कार्यरत हैं।
आदर्श की प्रारंभिक शिक्षा विभिन्न विद्यालयों में हुई। उन्होंने कक्षा 1 और 2 की पढ़ाई श्री गुरु रामराय पब्लिक स्कूल, देवाल से की। इसके बाद कक्षा 3 और 4 की शिक्षा श्री गुरु रामराय पब्लिक स्कूल, देहरादून से प्राप्त की। कक्षा 5 से 7 तक उन्होंने हर्मन पब्लिक स्कूल, हल्द्वानी तथा कक्षा 8 से 10 तक दिल्ली पब्लिक स्कूल, हल्द्वानी में अध्ययन किया। इंटरमीडिएट की शिक्षा आर्नव पब्लिक स्कूल, हल्द्वानी से पूरी करने के बाद उन्होंने चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी से बीएससी की डिग्री प्राप्त की। वर्तमान में वह वहीं से एमएससी प्रथम वर्ष की पढ़ाई कर रहे हैं।
इसी दौरान दिए गए एएफसीएटी-2026 के परिणाम में उन्होंने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए अखिल भारतीय स्तर पर 161वीं रैंक प्राप्त की। आदर्श की इस उपलब्धि से क्षेत्र के युवाओं में भी उत्साह का माहौल है।
उल्लेखनीय है कि आदर्श के छोटे भाई कार्तिकेय मिश्रा का चयन पहले ही राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (एनडीए) में हो चुका है और वह वर्तमान में खड़कवासला, पुणे में वायुसेना के फ्लाइंग ऑफिसर पद हेतु प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं।
दोनों पुत्रों की उपलब्धियों पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए पिता चंद्रमोहन मिश्रा ने कहा कि यह सफलता उनकी मेहनत, लगन और अनुशासन का परिणाम है। उन्होंने कहा कि दोनों बेटे बचपन से ही पढ़ाई में उत्कृष्ट रहे हैं और उनकी उपलब्धियां क्षेत्र के अन्य युवाओं के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेंगी।
बताया गया है कि आदर्श मिश्रा का प्रशिक्षण आगामी 27 जून से वायुसेना अकादमी, डुंडीगल (हैदराबाद) में प्रारंभ होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!