तलवाड़ी कॉलेज के निर्धन विद्यार्थियों को ‘पहल योजना’ के तहत मिलेगी छात्रवृत्ति
थराली, 16 जून (हरेंद्र बिष्ट)। स्वतंत्रता संग्राम सेनानी आलम सिंह फरस्वाण राजकीय महाविद्यालय, तलवाड़ी में नवप्रवेशित आर्थिक रूप से कमजोर छात्र-छात्राओं को महाविद्यालय एवं स्थानीय समाजसेवियों के सहयोग से संचालित ‘पहल योजना’ के अंतर्गत छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. सेराज मोहम्मद ने बताया कि शैक्षणिक सत्र 2026-27 से ऐसे निर्धन छात्र-छात्राओं की सहायता की जाएगी, जो आर्थिक अभाव के कारण उच्च शिक्षा प्राप्त करने में कठिनाई का सामना करते हैं। योजना के तहत पात्र विद्यार्थियों का प्रवेश शुल्क वहन किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि यह योजना महाविद्यालय के प्राध्यापकों, कर्मचारियों तथा स्थानीय नागरिकों के सहयोग से संचालित की जा रही है। योजना का लाभ प्राप्त करने के लिए विद्यार्थियों को निर्धारित पात्रता संबंधी दस्तावेज जमा करना अनिवार्य होगा।
योजना के अंतर्गत बीपीएल कार्ड की सत्यापित प्रति, अभिभावक की आय का प्रमाण पत्र (वार्षिक आय 60 हजार रुपये से अधिक न हो) तथा अन्य आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने होंगे। इसके अलावा छात्र-छात्राओं का चरित्र एवं अनुशासन संतोषजनक होना चाहिए तथा शैक्षणिक सत्र के दौरान कम से कम 75 प्रतिशत उपस्थिति अनिवार्य होगी, जिससे उन्हें आगामी कक्षाओं में भी योजना का लाभ मिल सके।
प्राचार्य ने कहा कि यदि लाभार्थी विद्यार्थियों का व्यवहार, अनुशासन एवं उपस्थिति उत्कृष्ट रहती है, तो भविष्य में उनके परीक्षा शुल्क का वहन करने पर भी विचार किया जाएगा।
डॉ. मोहम्मद ने ‘पहल योजना’ के संयोजक मोहित उप्रेती सहित सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए अधिकाधिक विद्यार्थियों से महाविद्यालय में प्रवेश लेने की अपील की।
