Front Pageधर्म/संस्कृति/ चारधाम यात्रा

कांवड़ यात्रा के लिए कुंभ मेला प्रशासन ने शुरू की तैयारियां

 

हरिद्वार, 28 अप्रैल। आगामी कांवड़ यात्रा को सुव्यवस्थित एवं सफलतापूर्वक सम्पन्न कराने के उद्देश्य से सीसीआर सभागार, मेला नियंत्रण भवन में कुंभ मेलाधिकारी श्रीमती सोनिका की अध्यक्षता में संबंधित विभागों के अधिकारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में कांवड़ यात्रा के दौरान यातायात प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था तथा कुंभ मेला से जुड़े निर्माण कार्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा करने को लेकर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया और आवश्यक रणनीति तय की गई।

बैठक में निर्णय लिया गया कि कांवड़ यात्रा क्षेत्र में चल रहे कुंभ से संबंधित ऐसे सभी निर्माण कार्य, जिन्हें शीघ्र पूरा किया जा सकता है, उन्हें हर हाल में 30 जून तक पूर्ण कर लिया जाए। शेष कार्यों के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार करते हुए ऐसा नियोजन किया जाए, जिससे कांवड़ यात्रा के दौरान किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो और कांवड़ियों की सुरक्षा भी प्रभावित न हो।

मेला नियंत्रण भवन में आयोजित बैठक के दौरान मेलाधिकारी श्रीमती सोनिका ने निर्देश दिए कि कांवड़ मेले को सुचारु रूप से सम्पन्न कराने के लिए शहर क्षेत्र में चल रहे सभी निर्माण कार्यों को शीर्ष प्राथमिकता के आधार पर गुणवत्ता के साथ मेला प्रारंभ होने से पूर्व पूर्ण करने का हरसंभव प्रयास किया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि जो कार्य मेला शुरू होने से पहले पूर्ण होना संभव नहीं हैं, उनके लिए ऐसी कार्ययोजना बनाई जाए जिससे कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित रहे तथा यातायात प्रभावित न हो। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाए कि निर्माण कार्यों के कारण किसी प्रकार की असुरक्षा की स्थिति उत्पन्न न हो। उन्होंने घाटों एवं पुलों पर कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा के लिए विशेष प्रबंध करने के भी निर्देश दिए।

जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने कांवड़ यात्रा को सफलतापूर्वक सम्पन्न कराने तथा यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि उनके अधीन सभी निर्माणाधीन सड़कों के कार्य दो माह के भीतर अनिवार्य रूप से पूर्ण किए जाएं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि इस कार्य में किसी भी प्रकार की शिथिलता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग को निर्देशित किया कि बहादराबाद क्षेत्र में यातायात बाधित कर रहे विद्युत पोल को तत्काल हटाया जाए तथा ज्वालापुर क्षेत्र में भी ऐसे पोलों को प्राथमिकता के आधार पर हटाने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। इसके साथ ही मनसा देवी पैदल मार्ग के सुधार कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने के भी निर्देश दिए गए।

उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि शहर में संचालित सभी सीवरेज कार्य 30 जून तक हर हाल में पूर्ण कर लिए जाएं। संबंधित विभागों को अपनी परिसंपत्तियों पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण न होने देने तथा अतिक्रमण के विरुद्ध निरंतर कार्रवाई करने के लिए भी निर्देशित किया गया।

बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने कहा कि यातायात व्यवस्था को सुव्यवस्थित बनाए रखने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और आवश्यक कार्य कांवड़ यात्रा प्रारंभ होने से पूर्व पूर्ण कर लिए जाएं। उन्होंने निर्देश दिए कि किसी भी स्थिति में निर्माण सामग्री सड़क किनारे न रखी जाए, जिससे यातायात बाधित न हो। साथ ही सड़क किनारे एवं निर्माण स्थलों के निकट पड़े मलबे और अन्य सामग्री को शीघ्र हटाने तथा सड़कों के गड्ढों को तत्काल दुरुस्त करने के भी निर्देश दिए।

बैठक में मुख्य नगर आयुक्त नंदन सिंह, प्रभागीय वनाधिकारी स्वप्निल अनिरुद्ध, अपर जिलाधिकारी पी.आर. चौहान, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) वैभव गुप्ता, एसपी (क्राइम) निशा यादव, एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह, एडिशनल एसपी विपिन कुमार, सचिव एचआरडीए मनीष कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट हरिद्वार जितेंद्र कुमार तथा अधीक्षण अभियंता लोनिवि डी.के. सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!