महिला आरक्षण की मांग पर महिला कांग्रेस का विधानसभा मार्च, कुछ कार्यकर्ता हिरासत में

देहरादून, 28 अप्रैल । महिला आरक्षण लागू करने की मांग को लेकर उत्तराखंड प्रदेश महिला कांग्रेस ने मंगलवार को प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला के नेतृत्व में विधानसभा की ओर मार्च कर प्रदर्शन किया। इस दौरान बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता सड़कों पर उतरीं और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
कार्यक्रम के तहत महिला कांग्रेस की पदाधिकारी और कार्यकर्ता नेहरू कॉलोनी स्थित हिम पैलेस में एकत्रित हुईं। यहां से विधानसभा की ओर मार्च निकाला गया, जिसमें महिला आरक्षण लागू करने की मांग उठाई गई।
विधानसभा से पहले पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर जुलूस को रोक दिया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच हल्की नोकझोंक हुई। कुछ कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में लेकर पुलिस लाइन भेजा।

प्रदर्शन के दौरान वरिष्ठ नेता हरक सिंह रावत भी पहुंचे और उन्होंने महिला आरक्षण लागू करने की मांग का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि महिलाओं को प्रतिनिधित्व देने में देरी उचित नहीं है।
प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने कहा कि संसद में महिला आरक्षण से संबंधित कानून पारित होने के बाद भी इसे लागू नहीं किया गया है। उन्होंने शीघ्र क्रियान्वयन की मांग करते हुए कहा कि इस मुद्दे पर आंदोलन आगे भी जारी रहेगा।
प्रदर्शन में महिला कांग्रेस की कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल रहीं। युवा कांग्रेस के कुछ कार्यकर्ताओं ने भी भागीदारी की।
