गौचर मेले में 18 नवंबर को होगी भूतपूर्व सैनिक रैली
गौचर, 10 नवंबर। भारतीय सेना की ओर से 18 नवंबर को सुबह 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक गौचर मेले में भूतपूर्व सैनिक रैली आयोजित की जाएगी। इसमें चमोली और रुद्रप्रयाग जिलों के भूतपूर्व सैनिकों, वीर नारियों और उनके परिजनों को आमंत्रित किया गया है।
रैली का उद्देश्य पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों की समस्याओं का समाधान करना तथा उन्हें सैन्य और सरकारी कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देना है। इस दौरान निःशुल्क चिकित्सा जांच और चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। साथ ही सीएसडी कैंटीन से जुड़ी सहायता, पेंशन, वन रैंक वन पेंशन (ओआरओपी) और स्पर्श (एसपीएआरएसएच) से संबंधित शिकायतों के समाधान की व्यवस्था रहेगी।
सेना भर्ती प्रक्रिया और नवीनतम नीतियों के बारे में भी मार्गदर्शन दिया जाएगा। भारतीय सेना ने चमोली और रुद्रप्रयाग जिलों के पूर्व सैनिकों और वीर नारियों से रैली में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर सुविधाओं का लाभ उठाने की अपील की है।

