केदारनाथ के कपाट शीतकाल के लिए बंद, बाबा केदार की डोली ऊखीमठ रवाना
यमुनोत्री के कपाट आज सुबह 10:28 बजे होंगे बंद; खरसाली में होंगे यमुना के दर्शन
रुद्रप्रयाग। केदारनाथ धाम के कपाट बुधवार, 11 नवंबर को सुबह 8:30 बजे विधि-विधान और धार्मिक अनुष्ठानों के साथ शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। कपाट बंद होने के बाद बाबा केदार की उत्सव डोली शीतकालीन गद्दीस्थल ओंकारेश्वर मंदिर, ऊखीमठ के लिए रवाना हो गई। शीतकाल में श्रद्धालु ऊखीमठ स्थित ओंकारेश्वर मंदिर में बाबा केदार के दर्शन कर सकेंगे।
कपाट बंदी के मद्देनजर मंगलवार को नगर पंचायत केदारनाथ की ओर से धाम में विशेष सफाई अभियान चलाया गया। मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों से कूड़ा एकत्र कर नजदीकी सामग्री पुनर्प्राप्ति केंद्र (एमआरएफ सेंटर) पहुंचाया गया। वहां कचरे को अलग-अलग कर उसके निस्तारण की व्यवस्था की जाएगी। नगर पंचायत के सफाई मित्रों ने धाम के विभिन्न स्थानों पर सफाई की। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने संबंधित संस्थाओं और विभागों को आपसी समन्वय से काम करते हुए स्वच्छता सहित अन्य व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।
यमुनोत्री के कपाट आज होंगे बंद
यमुनोत्री धाम के कपाट भैयादूज पर बुधवार सुबह 10:28 बजे वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक अनुष्ठानों के बीच शीतकाल के लिए बंद किए जाएंगे। इसके बाद मां यमुना की उत्सव डोली शीतकालीन प्रवास के लिए खरसाली गांव रवाना होगी।
यमुनोत्री मंदिर समिति के सचिव सुनील उनियाल और प्रवक्ता पुरुषोत्तम उनियाल ने बताया कि कपाट बंद होने का मुहूर्त शुक्ल पक्ष की द्वितीया तिथि, अनुराधा नक्षत्र, सौम्य योग और धनु लग्न में निर्धारित किया गया है। कपाट बंद होने के बाद भी श्रद्धालु खरसाली स्थित मां यमुना के प्राचीन मंदिर में दर्शन और पूजा-अर्चना कर सकेंगे। शीतकाल में वहां नियमित धार्मिक अनुष्ठान होंगे।
तीनों धामों में पहुंचे लाखों श्रद्धालु
उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, 10 नवंबर तक केदारनाथ में 19,13,815 और यमुनोत्री में 8,84,289 श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। गंगोत्री धाम के कपाट गोवर्धन पूजा पर बंद हो चुके हैं। इस वर्ष वहां 10,06,463 श्रद्धालुओं ने दर्शन किए।
इस यात्रा सीजन में केदारनाथ में 149 श्रद्धालुओं की मृत्यु हुई, जो चारों धामों में सबसे अधिक है।

