हरिद्वार के कई राजनीतिक कार्यकर्ताओं ने थामा कांग्रेस का हाथ
गोदियाल बोले—नए कार्यकर्ता घर-घर पहुंचाएं पार्टी की नीतियां

देहरादून, 4 अक्टूबर। हरिद्वार जिले से विभिन्न राजनीतिक और सामाजिक संगठनों से जुड़े करीब 100 लोगों ने रविवार को कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने नए सदस्यों का पार्टी का पटका और माला पहनाकर स्वागत किया।
मनोज धनगर और कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष विनोद कुमार के नेतृत्व में ये लोग कांग्रेस में शामिल हुए। इनमें हिंदू जागरण मंच के जिला संयोजक शशिपाल सहित कई राजनीतिक और सामाजिक कार्यकर्ता शामिल हैं।
इस मौके पर गोदियाल ने कहा कि बड़ी संख्या में लोगों का कांग्रेस से जुड़ना प्रदेश में बदलते राजनीतिक माहौल का संकेत है। उन्होंने दावा किया कि महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, पेपर लीक और महिलाओं से जुड़े अपराधों सहित विभिन्न मुद्दों को लेकर लोगों में भाजपा सरकार के प्रति नाराजगी बढ़ रही है।
उन्होंने नए कार्यकर्ताओं से पार्टी संगठन को मजबूत करने और घर-घर जाकर कांग्रेस की नीतियों तथा कार्यक्रमों की जानकारी लोगों तक पहुंचाने का आह्वान किया। गोदियाल ने कहा कि कांग्रेस लोकतंत्र, संविधान और नागरिकों के अधिकारों की रक्षा के लिए सड़क से सदन तक संघर्ष जारी रखेगी।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने केदारनाथ और बदरीनाथ से जुड़े हाल के विवादों को भी उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि इन धार्मिक स्थलों से जुड़े मामलों को लेकर कई गंभीर सवाल अनुत्तरित हैं और राज्य की जनता सरकार से जवाब चाहती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का उद्देश्य केवल सत्ता हासिल करना नहीं, बल्कि रोजगार, विकास, सामाजिक न्याय और लोकतांत्रिक मूल्यों से जुड़े मुद्दों को आगे बढ़ाना है।
कांग्रेस में शामिल होने वालों में शशिपाल, दीपक कोली, नितिन पाल, प्रदीप पाल, अजय पाल, जाहिद अली, सुखपाल, बॉबी चौधरी, कर्मवीर पाल, गुलशन पाल, नीतू चौधरी, निशांत पाल, सुमित पाल, नवीन कुमार, पारुल चौधरी, राजपाल, शिशुपाल, तेजपाल, सुभाष पाल, किशोर लांबा, सुधीर प्रधान, जगदीश पाल, आदित्य पाल, मोहित बाबर, राशिद अली, विवेक सैनी, शिवराज सिंह राठौड़, विशाल वशिष्ठ और अनुराग पाल सहित कई लोग शामिल रहे।
कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष धीरेंद्र प्रताप, महामंत्री राजेंद्र सिंह शाह, अमरजीत सिंह और हुकम सिंह कठैत सहित पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद थे।
