क्षेत्रीय समाचारसुरक्षा

20 लाख का पैकेज छोड़ आस्था नेगी ने चुनी सेना, बनीं लेफ्टिनेंट

गौचर, 6 सितम्बर (गुसाईं)। चमोली जिले के पोखरी विकासखंड के करछुना गांव की आस्था नेगी ने भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट के रूप में कमीशन प्राप्त कर क्षेत्र का गौरव बढ़ाया है। सैन्य प्रशिक्षण पूरा करने के बाद उनकी इस उपलब्धि से परिवार और क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
महेंद्र सिंह नेगी और अनिता नेगी की पुत्री आस्था नेगी ने ऑफिसर्स ट्रेनिंग अकादमी (ओटीए), गया, बिहार में अपना सैन्य प्रशिक्षण पूरा किया। प्रशिक्षण के बाद उन्हें भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट के रूप में कमीशन मिला है। आस्था की सफलता पर माता-पिता, रिश्तेदारों और क्षेत्रवासियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
आस्था के पिता महेंद्र सिंह नेगी के अनुसार, उनमें बचपन से ही देश सेवा और सेना में जाने का जज्बा था। पढ़ाई पूरी करने के बाद आस्था को एक बहुराष्ट्रीय कंपनी में करीब 20 लाख रुपये के वार्षिक पैकेज पर नौकरी मिली थी। इसी दौरान उनका चयन भारतीय सेना में अधिकारी के लिए हो गया। सेना को प्राथमिकता देते हुए उन्होंने कंपनी की आकर्षक नौकरी छोड़ दी और सैन्य प्रशिक्षण के लिए ओटीए गया पहुंचीं।
कठिन सैन्य प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा करने के बाद आस्था के लेफ्टिनेंट बनने की खबर से करछुना सहित पूरे क्षेत्र में खुशी है। उनके पिता महेंद्र सिंह नेगी, माता अनिता नेगी, रिश्तेदार एवं पूर्व गौचर पालिकाध्यक्ष अंजू बिष्ट और जयकृत बिष्ट सहित अन्य लोगों ने आस्था की उपलब्धि पर खुशी जताई है।
आस्था को सैन्य सेवा की प्रेरणा परिवार से भी मिली। उनके पिता महेंद्र सिंह नेगी भारतीय वायुसेना से सेवानिवृत्त हैं और वर्तमान में चौरासैंण इंटर कॉलेज में प्रवक्ता के पद पर कार्यरत हैं। उनकी माता अनिता नेगी गृहिणी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!