मिस्र के आसमान में करतब दिखाएगी वायुसेना की ‘सारंग’ टीम

नई दिल्ली, 6 सितंबर (पीआईबी)। भारतीय वायुसेना की प्रसिद्ध ‘सारंग’ हेलीकॉप्टर प्रदर्शन टीम 8 से 10 सितंबर तक मिस्र के अल अलामीन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर आयोजित होने वाले ‘अल अलामीन अंतरराष्ट्रीय एयरशो-2026’ के दूसरे संस्करण में भाग लेने के लिए मिस्र पहुंच गई है।
टीम एयरशो में अपने रोमांचक और चुनौतीपूर्ण हवाई करतबों के जरिए भारतीय वायुसेना के उड़ान कौशल और पेशेवर दक्षता का प्रदर्शन करेगी।
सारंग को दुनिया की एकमात्र पांच हेलीकॉप्टरों वाली प्रदर्शन टीम बताया गया है। टीम अपने सुनियोजित हवाई प्रदर्शनों में सटीकता, समन्वय और उड़ान कौशल का प्रदर्शन करेगी। अंतरराष्ट्रीय एयरशो में उसकी भागीदारी को भारत और मिस्र के बीच मजबूत होते रक्षा और राजनयिक संबंधों की दिशा में भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

सारंग टीम स्वदेशी रूप से डिजाइन और निर्मित एडवांस्ड लाइट हेलीकॉप्टर (एएलएच) ‘ध्रुव’ का इस्तेमाल करती है। यह टीम चुनौतीपूर्ण फॉर्मेशन, बेहद नजदीक रहकर उड़ान भरने और आपसी तालमेल के साथ किए जाने वाले हवाई करतबों के लिए दुनियाभर में जानी जाती है। उसके प्रदर्शन से जहां भारतीय वायुसेना के पायलटों के कौशल और अनुशासन की झलक मिलेगी, वहीं भारत की स्वदेशी एयरोस्पेस क्षमता भी अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रदर्शित होगी।

एयरशो के दौरान सारंग टीम अपना प्रसिद्ध ‘डॉल्फिन लीप’ करतब दिखाने के साथ ही ‘स्पॉट स्टॉल टर्न’ नामक नया करतब भी प्रस्तुत करेगी। इससे दर्शकों और विमानन प्रेमियों को एएलएच ध्रुव की बहुमुखी क्षमता, संचालन दक्षता और भारतीय वायुसेना के साहसिक उड़ान कौशल को करीब से देखने का अवसर मिलेगा।
अल अलामीन अंतरराष्ट्रीय एयरशो में विभिन्न देशों की प्रमुख वायु सेनाओं के अलावा एयरोस्पेस, रक्षा और अंतरिक्ष क्षेत्र से जुड़े विशेषज्ञ एवं पेशेवर भाग लेंगे। मिस्र के आसमान में सारंग का प्रदर्शन भारतीय वायुसेना की क्षमताओं को सामने रखने के साथ विभिन्न देशों की वायुसेनाओं और अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शन टीमों के बीच आपसी सहयोग एवं संपर्क मजबूत करने का अवसर भी प्रदान करेगा।
