Front Pageधर्म/संस्कृति/ चारधाम यात्रा

बद्रीनाथ-गंगोत्री में श्रद्धालुओं का नया रिकॉर्ड, चारधाम यात्रियों की संख्या 53 लाख पार

देहरादून, 28 सितंबर। उत्तराखंड की चारधाम यात्रा इस वर्ष श्रद्धालुओं की संख्या के मामले में नए कीर्तिमान स्थापित कर रही है। बद्रीनाथ और गंगोत्री धाम में श्रद्धालुओं की संख्या ने पिछले सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। बद्रीनाथ धाम में अब तक 18.10 लाख श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं, जबकि गंगोत्री धाम में पहली बार श्रद्धालुओं की संख्या रिकॉर्ड 8.41 लाख तक पहुंच गई है।

यमुनोत्री धाम में भी दर्शनार्थियों की संख्या 7.5 लाख का आंकड़ा पार कर चुकी है, जबकि केदारनाथ धाम में अब तक 15.57 लाख श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। इस तरह चारों धामों में इस यात्रा काल में अब तक कुल 53 लाख 23 हजार 401 श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं।

सरकारी आंकड़ों के अनुसार बीते वर्ष इसी अवधि तक चारधाम पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की संख्या लगभग 46 लाख थी। इस लिहाज से इस वर्ष अब तक करीब सात लाख अधिक श्रद्धालु चारधाम पहुंच चुके हैं। यात्रा में अभी करीब डेढ़ माह का समय शेष है, इसलिए श्रद्धालुओं की संख्या में और वृद्धि होने की संभावना है।

चारधाम के साथ ही श्री हेमकुंट साहिब की यात्रा को लेकर भी श्रद्धालुओं में खासा उत्साह बना हुआ है। यहां अब तक 3 लाख 52 हजार 765 श्रद्धालु पहुंच चुके हैं। यह संख्या भी पिछले कई वर्षों की तुलना में उल्लेखनीय बताई गई है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के दिशा-निर्देशन में चारधाम यात्रा का संचालन सतर्कता और निरंतर निगरानी के साथ किया जा रहा है। सरकार के अनुसार श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए यात्रा मार्गों और धामों में आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं।

विशेष रूप से मौसम में बदलाव, बारिश, बर्फबारी और भूस्खलन जैसी परिस्थितियों को देखते हुए चारधाम यात्रा से जुड़े रुद्रप्रयाग, चमोली और उत्तरकाशी जिलों में आपदा प्रबंधन तंत्र को चौबीसों घंटे सतर्क रखा गया है। संबंधित विभागों और जिला प्रशासन को यात्रा मार्गों की स्थिति पर लगातार नजर रखने तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

यात्रा के लिए अभी लगभग डेढ़ माह शेष होने के कारण इस वर्ष चारधाम पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की कुल संख्या में पिछले वर्षों की तुलना में और वृद्धि होने की संभावना है। बद्रीनाथ और गंगोत्री में पहले ही नए रिकॉर्ड बनने तथा अन्य धामों में भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने से इस वर्ष की चारधाम यात्रा श्रद्धालुओं की संख्या के लिहाज से महत्वपूर्ण साबित हो रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!