नरेश बंसल की जगह दिनेश आर्य होंगे भाजपा के राज्यसभा प्रत्याशी
देहरादून, 4 अक्टूबर। भारतीय जनता पार्टी ने उत्तराखंड से राज्यसभा की रिक्त होने जा रही सीट के लिए दिनेश आर्य को अपना प्रत्याशी घोषित किया है। भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति ने रविवार को उनके नाम पर मुहर लगाई। वर्तमान राज्यसभा सदस्य नरेश बंसल का कार्यकाल 25 नवंबर 2026 को समाप्त हो रहा है और भाजपा ने उन्हें दोबारा मौका देने के बजाय दिनेश आर्य पर भरोसा जताया है।
भाजपा की ओर से प्रत्याशी घोषित किए जाने के बाद विधानसभा में पार्टी के मजबूत बहुमत को देखते हुए दिनेश आर्य का राज्यसभा पहुंचना लगभग तय माना जा रहा है। उत्तराखंड की इस एक सीट के लिए 16 अक्टूबर को मतदान होगा और उसी दिन मतगणना भी की जाएगी। चुनाव आयोग की अधिसूचना के अनुसार नामांकन की अंतिम तिथि 6 अक्टूबर, नामांकन पत्रों की जांच 7 अक्टूबर और नाम वापसी की अंतिम तिथि 9 अक्टूबर है। आवश्यकता पड़ने पर 16 अक्टूबर को सुबह नौ से शाम चार बजे तक मतदान होगा और शाम पांच बजे से मतगणना की जाएगी।
नैनीताल से जुड़ा है दिनेश आर्य का राजनीतिक सफर
दिनेश आर्य नैनीताल के रहने वाले हैं और लंबे समय से भाजपा संगठन में सक्रिय रहे हैं। वह भाजपा के नैनीताल जिलाध्यक्ष रह चुके हैं। इसके अलावा अनुसूचित जाति मोर्चा में भी प्रदेश स्तर पर जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। वर्तमान में वह उत्तराखंड सरकार में दायित्वधारी हैं। उन्हें दिसंबर 2023 में उत्तराखंड राज्य स्तरीय पेयजल अनुश्रवण परिषद का उपाध्यक्ष बनाया गया था और दर्जा राज्यमंत्री का दर्जा दिया गया।
आर्य वर्ष 2002 से भाजपा में सक्रिय होने की बात पूर्व में स्वयं कह चुके हैं। वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने नैनीताल विधानसभा क्षेत्र से पार्टी टिकट के लिए दावेदारी भी की थी। भाजपा की प्रदेश कार्यकारिणी में भी वह विशेष आमंत्रित सदस्य के रूप में शामिल रहे हैं। सरकारी दायित्व मिलने के बाद वह पेयजल योजनाओं, जल जीवन मिशन और अन्य विकास योजनाओं की निगरानी से जुड़े रहे।
कई दिग्गजों के बीच आर्य के नाम पर लगी मुहर
राज्यसभा प्रत्याशी के चयन को लेकर भाजपा में पिछले कुछ समय से मंथन चल रहा था। प्रदेश स्तर पर करीब 24 नामों पर चर्चा हुई थी और केंद्रीय नेतृत्व को लगभग 15 नामों का पैनल भेजे जाने की बात सामने आई थी। इनमें कई वरिष्ठ नेताओं के नाम चर्चा में थे, लेकिन केंद्रीय चुनाव समिति ने अपेक्षाकृत कम चर्चित संगठनात्मक चेहरे दिनेश आर्य को आगे किया।
दिनेश आर्य की उम्मीदवारी को भाजपा की सामाजिक और क्षेत्रीय रणनीति से जोड़कर भी देखा जा रहा है। वह अनुसूचित जाति समुदाय से आते हैं और कुमाऊं क्षेत्र से जुड़े हैं। ऐसे में पार्टी ने राज्यसभा के लिए संगठन से जुड़े पुराने कार्यकर्ता को अवसर देने के साथ सामाजिक और क्षेत्रीय संतुलन साधने का भी संकेत दिया है।
उत्तराखंड से इस समय राज्यसभा में भाजपा के नरेश बंसल, महेंद्र भट्ट और कल्पना सैनी प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। इनमें बंसल का कार्यकाल 25 नवंबर को समाप्त हो रहा है। उनकी इसी सीट पर दिनेश आर्य को प्रत्याशी बनाया गया है।
भाजपा ने उत्तराखंड के साथ पश्चिम बंगाल की राज्यसभा सीट के लिए भी प्रत्याशी घोषित किया है। पश्चिम बंगाल से पार्टी ने रुक्मिणी मल्लिक (कोयल मल्लिक) को उम्मीदवार बनाया है। दोनों नामों को भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति ने मंजूरी दी है।
उत्तराखंड विधानसभा में भाजपा के संख्याबल को देखते हुए विपक्ष की ओर से कोई अप्रत्याशित राजनीतिक स्थिति पैदा नहीं होने पर दिनेश आर्य का निर्वाचन लगभग सुनिश्चित माना जा रहा है। इस तरह 25 नवंबर को नरेश बंसल का कार्यकाल समाप्त होने के बाद राज्यसभा में उत्तराखंड से भाजपा के प्रतिनिधित्व में एक नया चेहरा शामिल होगा।
