Front Page

उत्तराखंड को तीन रेल सेवाओं की सौगात, हरिद्वार से वेरावल और ओखा के लिए चलेंगी एसी ट्रेनें

 

देहरादून, 4 अक्टूबर। उत्तराखंड की रेल कनेक्टिविटी को मजबूत करने की दिशा में केंद्र सरकार ने तीन महत्वपूर्ण रेल सेवाओं को मंजूरी दी है। रेल मंत्रालय ने बांद्रा टर्मिनस-दिल्ली सराय रोहिल्ला गरीब रथ एक्सप्रेस का हरिद्वार तक विस्तार करने के साथ ही हरिद्वार-वेरावल एसी एक्सप्रेस और हरिद्वार-ओखा एसी एक्सप्रेस के संचालन को स्वीकृति प्रदान की है।

केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पत्र भेजकर इन रेल सेवाओं की मंजूरी की जानकारी दी है। नई सेवाओं से उत्तराखंड, विशेषकर हरिद्वार की दिल्ली, महाराष्ट्र और गुजरात सहित पश्चिमी भारत के प्रमुख शहरों से रेल कनेक्टिविटी बेहतर होगी।

बांद्रा टर्मिनस-दिल्ली सराय रोहिल्ला गरीब रथ एक्सप्रेस का हरिद्वार तक विस्तार होने से मुंबई और आसपास के क्षेत्रों से उत्तराखंड आने वाले यात्रियों को अतिरिक्त रेल सुविधा उपलब्ध होगी। वहीं, हरिद्वार से गुजरात के वेरावल और ओखा के लिए एसी एक्सप्रेस ट्रेनों के संचालन से दोनों राज्यों के बीच सीधा रेल संपर्क और मजबूत होगा।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस निर्णय के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की धार्मिक, पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों को गति देने में बेहतर रेल संपर्क की महत्वपूर्ण भूमिका है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार के सहयोग से राज्य में रेल सेवाओं का लगातार विस्तार हो रहा है। नई रेल सेवाओं से हरिद्वार और उत्तराखंड आने वाले तीर्थयात्रियों और पर्यटकों के साथ ही व्यापारियों, विद्यार्थियों तथा अन्य यात्रियों को भी सुविधा मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!