ब्लॉगराजनीति

अंकिता भंडारी हत्याकांड : भाजपा असहज ?

-दिनेश शास्त्री

उत्तराखंड में कांग्रेस विधानसभा चुनाव में भाजपा को उसी के अंदाज में जवाब देने की कोशिश में है और इसके लिए होमवर्क शुरू हो गया है। भाजपा ने पश्चिम बंगाल के विधानसभा चुनाव में अगस्त 2024 में कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज में एक ट्रेनी डॉक्टर के साथ दुष्कर्म और हत्या के बाद पीड़िता की मां रत्ना देवनाथ को चुनाव मैदान में उतारा था। रत्ना देवनाथ ने चुनाव न सिर्फ जीता बल्कि आसपास की आधा दर्जन वो सीटें भी भाजपा की झोली में डाली जो उसके लिए बहुत आसान न थी।यही फार्मूला कांग्रेस अंकिता भंडारी के मामले को लेकर अपनाना चाहती है।

कांग्रेस सूत्रों के मुताबिक केंद्रीय नेतृत्व को इस आशय का प्रस्ताव दे दिया गया है।
जिस तरह रत्ना देवनाथ ने विस चुनाव में जीत के बाद अपनी बेटी की हत्या और दोषियों को दंड देने के साथ महिला सुरक्षा के मुद्दे को उठाया, कांग्रेस भी उसी तरह अंकिता भंडारी के मुद्दे को चुनाव में विमर्श के केंद्र में लाने के लिए प्रयासरत है।
रत्ना देवनाथ अपनी बेटी के लिए न्याय और महिला सुरक्षा की मांग को लेकर मुखर रही हैं। इधर अंकिता भंडारी के माता पिता भी न्याय के लिए जद्दोजहद कर रहे हैं। सीबीआई जांच के निष्कर्ष से पूर्व कथित रूप से अंकिता हत्याकांड के सबब माने जा रहे वीआईपी को राज्यपाल पद का सुरक्षा कवच दिए जाने से नाराज हैं, कांग्रेस इसी नाराजगी को भुनाने की कोशिश में है।कथित वीआईपी के राज्यपाल पद की शपथ से पूर्व जिस तरह अंकिता के माता पिता ने दिल्ली में धरना दिया और साथ ही कांग्रेस नेता राहुल गांधी से मुलाकात की। उसके बाद से ही कयास लगाए जा रहे थे कि पार्टी इसे बड़ा मुद्दा बनाएगी।

इधर देहरादून के राजपुर थाने में पहले योगिता भयाना के साथ अंकिता के माता पिता ने अंकिता की निजी चैट सार्वजनिक किए जाने के विरुद्ध मामला दर्ज कराया तो दूसरे दिन गांधी पार्क में धरना दिया और बाद में कांग्रेस नेताओं संग पुलिस महानिदेशक कार्यालय तक मार्च करते हुए उनसे निजता का हनन करने वाले पुलकित आर्य के पिता के विरुद्ध मामला दर्ज करने की मांग की। इस बीच पुलिस ने जीरो एफआईआर दर्ज कर दी है। यह सब बातें अपनी जगह पर हैं। बड़ी बात यह है कि भाजपा के लिए यह मामला निरंतर असहज कर रहा है। उसे इस चक्रव्यूह का तोड़ फिलहाल नजर नहीं आ रहा है। जितनी बयानबाजी या कहें सफाई भाजपा नेता दे रहे हैं, उतना यह मामला उसके लिए दिक्कत बढ़ाता दिख रहा है।
दूसरी ओर कांग्रेस के रणनीतिकारों के आकलन के अनुसार, यदि अंकिता भंडारी की मां चुनाव लड़ने के लिए तैयार होती हैं तो अंकिता हत्याकांड के साथ प्रदेश में महिला सुरक्षा, न्याय और राज्य में महिलाओं के सम्मान से जुड़े प्रश्न भी चुनावी विमर्श का हिस्सा बन सकते हैं। उस स्थिति में सत्तारूढ़ भाजपा को चुनाव में घेरा जा सकता है। सूत्रों की मानें तो पार्टी इस मुद्दे को 2027 के विधानसभा चुनाव में प्रमुखता से उठाने की तैयारी में बताई जा रही है। हालांकि पार्टी सूत्रों ने बताया कि अभी यह सिर्फ प्रस्ताव ही है। केंद्रीय नेतृत्व की हरी झंडी और अंकिता के माता पिता की स्वीकृति के बाद ही इस मामले में कुछ ठोस बात सामने आ सकती है।
दरअसल कांग्रेस इस संभावना को देख रही है कि जिस तरह कोलकाता की निर्भया की मां के चुनाव मैदान में उतरने से वहां भाजपा को सात सीटों का लाभ हुआ, उस लिहाज से उत्तराखंड में कांग्रेस यमकेश्वर के अलावा कोटद्वार, ऋषिकेश, नरेन्द्रनगर, देवप्रयाग, पौड़ी, श्रीनगर, रुद्रप्रयाग, कर्णप्रयाग जैसी सीटों पर आसानी से बढ़त ले सकती है। पार्टी के रणनीतिकारों ने केंद्रीय नेतृत्व को इन संभावनाओं का खाका भेजा है। इस दिशा में अगले कुछ दिनों में तस्वीर स्पष्ट होगी। यदि कांग्रेस इस दिशा में आगे बढ़ती है तो चुनाव में नैरेटिव बदल सकता है। देखना यह होगा कि आने वाले दिनों में यह मामला विमर्श के केंद्र में कब तक बना रहता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!