धामी ने जारी किया पांच साल का रिपोर्ट कार्ड, गिनाईं सरकार की उपलब्धियां

36 हजार युवाओं को सरकारी नौकरी, एक लाख करोड़ से अधिक के निवेश प्रस्ताव धरातल पर उतरने का दावा
देहरादून, 26 नवंबर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को देहरादून में आईएसबीटी के समीप एक निजी होटल में आयोजित कार्यक्रम में राज्य सरकार के पांच वर्षों के कार्यों का रिपोर्ट कार्ड जारी किया। उन्होंने रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तीकरण, कृषि, पर्यटन, औद्योगिक निवेश, आधारभूत संरचना और कानून व्यवस्था के क्षेत्र में सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प के अनुरूप उत्तराखंड को आत्मनिर्भर और समृद्ध राज्य बनाना सरकार का लक्ष्य है।
मुख्यमंत्री के अनुसार पांच वर्षों में 36 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गईं। जर्मन और जापानी भाषा के प्रशिक्षण के लिए 158 केंद्र संचालित हैं तथा अक्टूबर 2026 तक 106 युवाओं को विदेशों में रोजगार मिला है। विभिन्न छात्रवृत्ति योजनाओं से 21 हजार से अधिक विद्यार्थी लाभान्वित हो रहे हैं। उत्तराखंड देश का छठा पूर्ण साक्षर राज्य बना है।
महिला सशक्तीकरण के क्षेत्र में सरकारी नौकरियों में 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण के साथ 3.10 लाख से अधिक महिलाओं को लखपति दीदी बनाने का दावा किया गया। प्रदेश में 70,767 स्वयं सहायता समूहों से 5.19 लाख महिलाएं जुड़ी हैं। नंदा गौरा योजना से चार लाख से अधिक बेटियां लाभान्वित हुई हैं। करीब दस लाख लाभार्थियों को सामाजिक सुरक्षा पेंशन के रूप में प्रतिमाह 148 करोड़ रुपये दिए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि आठ लाख से अधिक किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत तीन हजार करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि दी गई है। मंडुवे की खरीद दर 5,200 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित की गई है। पॉलीहाउस निर्माण के लिए 200 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। पलायन रोकथाम योजना से 6,500 से अधिक लोगों की गांवों में वापसी हुई है।
दिसंबर 2023 के वैश्विक निवेशक सम्मेलन में प्राप्त 3.56 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्तावों में से एक लाख करोड़ रुपये से अधिक के प्रस्ताव धरातल पर उतर चुके हैं। अटल आयुष्मान योजना के तहत 63.32 लाख कार्ड बनाए गए हैं। सितंबर 2026 तक 17.36 लाख मरीजों को 3,717 करोड़ रुपये का नकदीरहित उपचार उपलब्ध कराया गया। पांच वर्षों में तीन नए राजकीय मेडिकल कॉलेज शुरू हुए हैं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि 12 हजार करोड़ रुपये की लागत से दिल्ली-देहरादून आर्थिक गलियारे का निर्माण पूरा हो गया है। ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना का 75 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। प्रदेश में 39 हजार करोड़ रुपये की रेल परियोजनाओं पर काम चल रहा है।
इस वर्ष चारधाम यात्रा में 65 लाख से अधिक श्रद्धालु पहुंचे। मानसखंड मंदिर माला मिशन में 48 मंदिरों का विकास किया जा रहा है। कुंभ मेला-2027 के लिए 500 करोड़ से अधिक और नंदा देवी राजजात के लिए 25 करोड़ रुपये की व्यवस्था की गई है। जल जीवन मिशन के तहत 14.20 लाख ग्रामीण परिवारों को पेयजल कनेक्शन दिए गए हैं।
धामी ने समान नागरिक संहिता, नकल विरोधी कानून, सख्त भू-कानून, धर्मांतरण विरोधी कानून और दंगारोधी कानून को प्रमुख उपलब्धियों में शामिल किया। उन्होंने 13 हजार एकड़ से अधिक भूमि अतिक्रमणमुक्त कराने का दावा किया। वन्यजीवों के हमले में मृत्यु पर अनुग्रह राशि दस लाख रुपये तथा राज्य आंदोलनकारियों और उनके आश्रितों को सरकारी सेवाओं में दस प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण का भी उल्लेख किया।
कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा, रमेश पोखरियाल निशंक, तीरथ सिंह रावत, त्रिवेंद्र सिंह रावत, राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट सहित मंत्री और विधायक उपस्थित थे।

