क्षेत्र पंचायत सदस्यों का ब्लॉक संगठन गठित, कुलदीप राणा आजाद अध्यक्ष व ईश्वर नेगी महामंत्री

पोखरी, 6 मई (राणा)। विकासखंड पोखरी में क्षेत्र पंचायत सदस्यों ने अपनी समस्याओं और अधिकारों की लड़ाई को संगठित रूप देने की दिशा में अहम कदम उठाते हुए ब्लॉक स्तरीय संगठन का गठन कर लिया। ब्लॉक सभागार में आयोजित बैठक में सर्वसम्मति से कुलदीप राणा आजाद को अध्यक्ष और ईश्वर नेगी को निर्विरोध महामंत्री चुना गया।
बैठक में संगठन की अन्य जिम्मेदारियों का भी निर्धारण किया गया। सतीश कुमार और मोहन सिंह को उपाध्यक्ष बनाया गया, जबकि पुष्कर सिंह को कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। संगठन के गठन के साथ ही क्षेत्र पंचायत सदस्यों ने एकजुट होकर अपनी समस्याओं के समाधान के लिए संघर्ष करने का संकल्प लिया।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष कुलदीप राणा आजाद ने कहा कि वर्तमान में क्षेत्र पंचायत सदस्य कई चुनौतियों का सामना कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि सदस्यों को मिलने वाली निधि बेहद कम है, जिससे क्षेत्र में अपेक्षित विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं। इसके अलावा न तो मानदेय की कोई व्यवस्था है और न ही पर्याप्त वित्तीय अधिकार दिए गए हैं, जिससे जनप्रतिनिधि होने के बावजूद वे अपनी जिम्मेदारियों का पूर्ण निर्वहन नहीं कर पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि संगठन के माध्यम से इन मुद्दों को प्रदेश स्तर तक मजबूती से उठाया जाएगा।
महामंत्री ईश्वर नेगी ने भी मौजूदा व्यवस्था पर चिंता जताते हुए कहा कि क्षेत्र पंचायत सदस्य का पद अब केवल प्रमुख के चुनाव तक सीमित होकर रह गया है। उन्होंने कहा कि सदस्यों के अधिकार और भूमिकाएं स्पष्ट नहीं हैं, ऐसे में संगठन का मजबूत होना आवश्यक है, ताकि सामूहिक रूप से प्रभावी ढंग से आवाज उठाई जा सके।
बैठक में क्षेत्र पंचायत प्रमुख राजी देवी, ज्येष्ठ प्रमुख ऊषा देवी और कनिष्ठ प्रमुख शिव लाल ने संगठन को पूर्ण समर्थन देने की घोषणा की। उन्होंने आश्वासन दिया कि क्षेत्र पंचायत सदस्यों के अधिकारों की लड़ाई में वे हर स्तर पर उनके साथ खड़े रहेंगे।
इस अवसर पर सीमा देवी, मुन्नी देवी, आशा देवी, लक्ष्मी देवी, बीरा देवी, चंद्र देवी, रेखा देवी, मीना देवी, हेमा देवी, अनीता देवी, कल्पना देवी, रविंद्र रावत, रविंद्र राणा सहित बड़ी संख्या में क्षेत्र पंचायत सदस्य और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
