नरेंद्रनगर महाविद्यालय में प्रवेश रणनीति पर मंथन, IQAC की बैठक में नामांकन बढ़ाने पर जोर

नरेंद्रनगर, 6 मई। महाविद्यालय के आंतरिक गुणवत्ता आश्वासन प्रकोष्ठ (IQAC) द्वारा आगामी शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए प्रवेश प्रक्रिया को अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रवेश संख्या बढ़ाने, गुणवत्तापूर्ण विद्यार्थियों को आकर्षित करने तथा संस्थान की शैक्षणिक छवि को मजबूत करने के विभिन्न उपायों पर विस्तार से चर्चा की गई।
महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो. प्रणिता नंद ने अपने संबोधन में बताया कि नए सत्र के लिए छात्र पंजीकरण प्रारंभ हो चुके हैं और अभ्यर्थी 30 मई तक ukadmission.samarth.edu.in पोर्टल पर पंजीकरण कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि सभी का संयुक्त प्रयास होना चाहिए कि अधिक से अधिक छात्र महाविद्यालय में प्रवेश लें।
IQAC समन्वयक डॉ. सृचना सचदेवा ने कहा कि प्रवेश संख्या बढ़ाने के लिए महाविद्यालय परिवार के सभी सदस्यों को मिलकर रणनीति बनानी होगी। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि विद्यार्थियों और अभिभावकों को महाविद्यालय की उपलब्धियों एवं सुविधाओं की स्पष्ट और प्रभावी जानकारी देना अत्यंत आवश्यक है।
इस दौरान IQAC सदस्य डॉ. देवेंद्र कुमार ने सुझाव दिया कि प्रवेश बढ़ाने के लिए स्थानीय स्तर पर जागरूकता अभियान चलाने के साथ-साथ सोशल मीडिया और डिजिटल माध्यमों का प्रभावी उपयोग किया जाना चाहिए।
बैठक में डॉ. सुधा रानी, डॉ. हिमांशु जोशी, डॉ. सोनी तिलारा, डॉ. ज्योति शैली सहित महाविद्यालय के सभी प्राध्यापक उपस्थित रहे।
