विश्व रक्तदाता दिवस पर रक्तदान शिविर एवं मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
सिविल जज सचिन कुमार सहित आईटीबीपी जवानों और नागरिकों ने किया रक्तदान
उत्तरकाशी, 14 जून। विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर रविवार को भारतीय रेडक्रॉस समिति, स्वीप उत्तरकाशी तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के संयुक्त तत्वावधान में जिला चिकित्सालय उत्तरकाशी में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर तथा रेडक्रॉस भवन में विचार गोष्ठी एवं विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) संबंधी मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान के प्रति नागरिकों को जागरूक करना था। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि सिविल जज (सीनियर डिवीजन) एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव सचिन कुमार ने फीता काटकर किया।

इस अवसर पर सचिन कुमार ने स्वयं रक्तदान कर सामाजिक उत्तरदायित्व का उदाहरण प्रस्तुत किया तथा उपस्थित लोगों को भी रक्तदान के लिए प्रेरित किया। उनके प्रेरणादायक कदम से उत्साहित होकर भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) के अधिकारियों एवं जवानों, पैरालीगल वालंटियर्स, अधिवक्ताओं तथा स्थानीय युवाओं ने बढ़-चढ़कर रक्तदान किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सचिन कुमार ने कहा कि रक्तदान ऐसा महादान है, जो किसी जरूरतमंद व्यक्ति को नया जीवन प्रदान कर सकता है। उन्होंने सभी नागरिकों से नियमित और स्वैच्छिक रक्तदान करने तथा अपने परिजनों और मित्रों को भी इसके लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।
रक्तदान शिविर के साथ ही स्वीप उत्तरकाशी के सहयोग से विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के अंतर्गत मतदाता जागरूकता सत्र भी आयोजित किया गया। इसमें मतदाताओं और युवाओं को गणना प्रपत्र भरने की प्रक्रिया, मतदाता मैपिंग तथा मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने और उसे अद्यतन रखने के महत्व की जानकारी दी गई।
वक्ताओं ने कहा कि जिस प्रकार स्वस्थ समाज के लिए पर्याप्त रक्त उपलब्ध होना आवश्यक है, उसी प्रकार मजबूत लोकतंत्र के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में दर्ज होना अनिवार्य है। “रक्तदान महादान” और “कोई भी पात्र मतदाता न छूटे” के संदेश के साथ नागरिकों से अभियान में सक्रिय सहभागिता की अपील की गई।
कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. बी.एस. रावत, भारतीय रेडक्रॉस समिति उत्तरकाशी के चेयरमैन माधव जोशी, रेडक्रॉस सचिव डॉ. रतन मणि भट्ट, स्वीप प्रभारी डॉ. शंभू प्रसाद नौटियाल तथा स्वीप आइकन स्वाति नौटियाल सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। इसके अलावा जिला चिकित्सालय के चिकित्सकों, स्वास्थ्यकर्मियों, रेडक्रॉस स्वयंसेवकों तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के कर्मचारियों ने भी सक्रिय सहभागिता निभाई।
कार्यक्रम का समापन मानवता की सेवा, स्वैच्छिक रक्तदान को जन-आंदोलन बनाने तथा भविष्य में भी ऐसे लोककल्याणकारी आयोजनों को निरंतर जारी रखने के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ।
