मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान को सफल बनाने हेतु बीएलओ को दिया प्रशिक्षण

पोखरी, 3 जून (राणा)। निर्वाचन नामावली के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान को सफल बनाने के उद्देश्य से बुधवार को विकासखंड सभागार पोखरी में बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) का प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में मतदाता सूची को त्रुटिरहित एवं अद्यतन बनाने पर विशेष जोर देते हुए अधिकारियों ने बीएलओ को घर-घर जाकर सत्यापन कार्य पूरी गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ संपादित करने के निर्देश दिए।
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार आयोजित प्रशिक्षण में मास्टर ट्रेनर जसवंत सिंह एवं संदीप सिंह ने बीएलओ को नए मतदाताओं के नाम जोड़ने, मृत एवं स्थानांतरित मतदाताओं के नाम सूची से हटाने तथा मतदाता सूची में दर्ज त्रुटियों के सुधार की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि पुनरीक्षण अभियान के दौरान प्रत्येक परिवार तक पहुंचकर सही एवं अद्यतन जानकारी एकत्र करना बीएलओ की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

प्रशिक्षण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए तहसीलदार जिनेंद्र सिंह रावत ने कहा कि निष्पक्ष एवं पारदर्शी चुनाव व्यवस्था की आधारशिला शुद्ध मतदाता सूची है। पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में शामिल होना तथा अपात्र नामों को हटाना लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूती के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि इस पूरी प्रक्रिया में बीएलओ की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है।
तहसीलदार ने विशेष रूप से 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके युवाओं के नाम प्राथमिकता के आधार पर मतदाता सूची में दर्ज करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि पुनरीक्षण अभियान में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पूरी निष्ठा और पारदर्शिता के साथ कार्य करना होगा, ताकि क्षेत्र की मतदाता सूची पूर्णतः शुद्ध एवं अद्यतन बनाई जा सके।
कार्यक्रम में खंड विकास अधिकारी शिव सिंह भंडारी, आर.के. प्रदीप पुरोहित, राजस्व निरीक्षक प्रदीप रावत, राजस्व उपनिरीक्षक नीरज स्वरूप, विक्रम सिंह कठैत, ताजबर सिंह, महिपाल सिंह, संदीप नेगी, आशुतोष सिंह सहित राजस्व एवं विकासखंड के कर्मचारी तथा सभी बीएलओ उपस्थित रहे।
