चमोली पुलिस ने नष्ट की 70 नाली से अधिक क्षेत्र में भांग की खेती
-हरेंद्र बिष्ट की रिपोर्ट –
थराली/देवाल। चमोली पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध उत्पादन के खिलाफ अभियान तेज करते हुए विकासखंड देवाल के सुदूरवर्ती रामपुर गांव में बड़ी कार्रवाई की है। एसओजी चमोली के नेतृत्व में विभिन्न विभागों की संयुक्त टीम ने गांव में करीब 70 नाली से अधिक खेतों और आसपास के क्षेत्र में उगे भांग के पौधों को नष्ट कर दिया। इस दौरान ग्रामीणों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक भी किया गया।
रामपुर गांव में बड़े पैमाने पर भांग की अवैध खेती किए जाने की सूचना मिलने पर पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पंवार ने एसओजी प्रभारी सतेंद्र सिंह बुटोला के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की। इसमें देवाल पुलिस चौकी प्रभारी राकेश डिमरी, एसओजी के सलमान सहित अन्य पुलिसकर्मियों को शामिल किया गया। पुलिस टीम के साथ वन विभाग, समाज कल्याण विभाग और विधिक सेवा प्राधिकरण के प्रतिनिधि भी अभियान में शामिल हुए।

संयुक्त टीम ने रामपुर पहुंचकर खेतों और आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण किया। कई स्थानों पर बड़ी मात्रा में भांग के पौधे पाए जाने के बाद उन्हें नष्ट करने की कार्रवाई शुरू की गई। एसओजी प्रभारी सतेंद्र सिंह बुटोला के अनुसार गांव में करीब 70 नाली से अधिक खेतों तथा आसपास के अन्य स्थानों पर उगे भांग के पौधों को नष्ट किया गया।
अभियान के दौरान गांव में नशा मुक्त भारत अभियान के तहत जागरूकता गोष्ठी भी आयोजित की गई। अधिकारियों ने ग्रामीणों को बताया कि समाज में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति का सबसे अधिक दुष्प्रभाव युवाओं, परिवारों और सामाजिक जीवन पर पड़ रहा है। नशे की रोकथाम के लिए सरकारी प्रयासों के साथ जनसहयोग भी आवश्यक है।
वन विभाग के अधिकारियों ने ग्रामीणों को जंगलों की सुरक्षा, वनाग्नि की रोकथाम, पौधरोपण को बढ़ावा देने और वन्यजीवों की सुरक्षा के बारे में जानकारी दी। समाज कल्याण विभाग के प्रतिनिधियों ने विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी, जबकि विधिक सेवा प्राधिकरण के प्रतिनिधियों ने ग्रामीणों को कानूनी अधिकारों और उपलब्ध विधिक सहायता से अवगत कराया।
एसओजी प्रभारी बुटोला ने बताया कि मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। अन्य गांवों में भांग की अवैध खेती की सूचना मिलने पर वहां भी कार्रवाई कर पौधों को नष्ट किया जाएगा।
