Cm dhami appeals to local products in festival

सशक्त बहना उत्सव में स्वयं सहायता समूहों के स्टालों से मुख्यमंत्री ने की खरीदारी
देहरादून, 25 अगस्त। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को सचिवालय में ‘सशक्त बहना उत्सव’ के तहत महिला स्वयं सहायता समूहों की ओर से लगाए गए स्टालों का अवलोकन कर विभिन्न स्थानीय उत्पादों की खरीदारी की। उन्होंने प्रदेशवासियों से आगामी त्योहारों में स्थानीय उत्पादों को प्राथमिकता देने और ‘वोकल फॉर लोकल’ अभियान को आगे बढ़ाने की अपील की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की महिलाएं स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से स्थानीय संसाधनों और पारंपरिक हुनर का उपयोग कर अनेक उत्पाद तैयार कर रही हैं। ये उत्पाद प्रदेश की संस्कृति और परंपराओं की पहचान होने के साथ बड़ी संख्या में महिलाओं के लिए स्वरोजगार और आय का माध्यम भी बन रहे हैं। स्थानीय उत्पादों की खरीद से इनसे जुड़ी महिलाओं की आजीविका मजबूत होने के साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी लाभ मिलता है।
धामी ने कहा कि त्योहारों का समय स्थानीय उत्पादों के लिए बाजार बढ़ाने का महत्वपूर्ण अवसर है। लोग त्योहारों पर उपहार, खाद्य सामग्री और दैनिक उपयोग की वस्तुओं की खरीद में स्थानीय स्तर पर तैयार उत्पादों को प्राथमिकता दें। प्रत्येक स्थानीय खरीद किसी परिवार की आय बढ़ाने और महिला स्वरोजगार को मजबूत करने में सहायक बनती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘वोकल फॉर लोकल’ अभियान से देशभर में स्थानीय उत्पादों के प्रति लोगों का विश्वास बढ़ा है। राज्य सरकार भी महिला स्वयं सहायता समूहों, स्थानीय कारीगरों और छोटे उद्यमियों के उत्पादों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने के लिए प्रयास कर रही है।
उन्होंने प्रदेशवासियों से आगामी त्योहारी अवधि में स्थानीय उत्पाद खरीदने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने की अपील की। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्थानीय उत्पादन और बाजार को मजबूत करने से महिलाओं की आर्थिक आत्मनिर्भरता बढ़ने के साथ राज्य की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
