क्षेत्रीय समाचार

निर्वाचक नामावली को शुद्ध और पारदर्शी बनाने में जुटा उत्तरकाशी प्रशासन

*डीएम प्रशांत आर्य ने प्रेस वार्ता कर दी विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की प्रगति की जानकारी*

उत्तरकाशी, 25 अगस्त। मतदाता सूची को शुद्ध, पारदर्शी एवं त्रुटिरहित बनाने के लिये निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में जिले के तीनों विधानसभा क्षेत्रों में विशेष गहन पुनरीक्षण के अंतिम चरण का कार्य निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार तीव्र गति से संचालित किया जा रहा है।

विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 को लेकर जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट परिसर के एनआईसी कक्ष में प्रेस वार्ता कर मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान की अब तक की प्रगति की जानकारी दी। जिले के अंतर्गत आने वाली सभी तीनों विधानसभाओं के कुल 558 मतदान केंद्रों पर बीएलओ एवं निर्वाचन कार्मिक मुस्तैदी से कार्य कर रहे हैं। जनपद में कुल 63717 नोटिसों के सापेक्ष 63645 मतदाताओं को नोटिस वितरित किए जा चुके हैं। जिनमें से पुरोला विधानसभा में 22426 नोटिसों के सापेक्ष वितरित किए गए 22423 नोटिसों में से 19387 नोटिसों की सुनवाई हो चुकी है, यमुनोत्री विधानसभा में 19641 नोटिसों के सापेक्ष वितरित किए गए 19594 नोटिसों में से 19496 नोटिसों की सुनवाई और गंगोत्री विधानसभा में 21650 नोटिसों के सापेक्ष वितरित किए गए 21628 नोटिसों में से 17532 नोटिसों की सुनवाई हो चुकी है।

जिलाधिकारी ने बताया कि पुनरीक्षण कार्य के तहत बूथ लेवल अधिकारियों द्वारा घर-घर जाकर मतदाता सूची से संबंधित आवश्यक जानकारी का सत्यापन किया जा रहा है। पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में शामिल करने के साथ ही नाम, पता एवं अन्य विवरणों में आवश्यक संशोधन की प्रक्रिया भी की जा रही है। मृत, स्थानांतरित अथवा अपात्र मतदाताओं के संबंध में भी निर्धारित नियमों के अनुसार कार्रवाई की जा रही है।

जिले में अब तक 88% से अधिक कवरेज पूरा कर लिया गया है। मतदाता अपने नाम, पते और आयु से संबंधित सही सूचनाएं अपने बीएलओ या ईआरओ को उपलब्ध करा सकते हैं। सभी त्रुटियों का संशोधन करने के बाद 15 सितंबर को मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा।

जिलाधिकारी ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण के अंतर्गत यदि किसी को नोटिस प्राप्त हुए हैं तो यह चिंता या संशय का विषय नहीं है नोटिस वितरण एसआईआर की प्रक्रिया में नाम , उम्र में संशोधन या अन्य त्रुटि को दूर करके निर्वाचक नामावली को शुद्ध, पारदर्शी बनाना है। नोटिस प्राप्त होने पर मतदाता को अपनी सही सूचना एसआईआर कार्य में लगे कार्मिकों को उपलब्ध करानी है। इस विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान का 15 सितंबर को अंतिम नामावली का प्रकाशन होगा। जो तहसील, बीएलओ, ईआरओ, राजनैतिक दल सहित ऑनलाइन उपलब्ध रहेगी।

प्रेस वार्ता में अपर जिलाधिकारी मुक्ता मिश्र, सहायक निर्वाचन अधिकारी राकेश मोहन राणा सहित प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के पत्रकार उपस्थित रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!