Front Page

मसूरी क्षेत्र में 17.80 करोड़ की विकास योजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास

 

देहरादून, 4 अगस्त। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को मसूरी विधानसभा क्षेत्र के पुरुकुल में 17 करोड़ 80 लाख रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस दौरान पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष स्वर्गीय दीपक पुण्डीर की स्मृति में निर्मित सामुदायिक भवन का भी लोकार्पण किया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इन परियोजनाओं से मसूरी विधानसभा क्षेत्र के विकास को गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल और अन्य आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के साथ पर्यटन और खेल गतिविधियों को भी बढ़ावा दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि मसूरी प्रदेश का प्रमुख पर्यटन और वेडिंग डेस्टिनेशन है। पर्यटकों की बढ़ती आवाजाही स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत करती है। इसी को ध्यान में रखते हुए पुरुकुल में सैन्य धाम का निर्माण किया जा रहा है तथा मसूरी रोपवे के लोअर टर्मिनल तक लगभग 13 किलोमीटर सड़क का उच्चीकरण किया जा रहा है। जल जीवन मिशन के तहत गंगोल-पंडितवाड़ी पेयजल योजना से कई गांवों तक पेयजल पहुंचाया गया है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि मालदेवता लाल पुल से सिल्ला-मोलधार होते हुए सुआखोली तक सड़क के सुदृढ़ीकरण का कार्य सीआरएफ योजना के अंतर्गत किया जा रहा है। इसके अलावा ग्राम पंचायत रिखोली के सोलाह गांव में विद्युतीकरण का कार्य पूरा हो चुका है। सहस्त्रधारा क्षेत्र में बाल्दी नदी के दोनों किनारों तथा न्यू कैंट रोड क्षेत्र में बाढ़ सुरक्षा कार्य भी कराए जा रहे हैं।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रदेश सरकार की विभिन्न नीतियों और योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य में समान नागरिक संहिता, धर्मांतरण विरोधी और नकल विरोधी कानून लागू किए गए हैं। उन्होंने दावा किया कि पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से 34 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां मिली हैं। साथ ही स्टार्टअप नीति, हाउस ऑफ हिमालयाज, होम स्टे योजना, एक जनपद दो उत्पाद और अन्य स्वरोजगार योजनाओं के जरिए युवाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार उपलब्ध कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!