धर्म/संस्कृति/ चारधाम यात्रा

नरेन्द्र सिंह नेगी संस्कृति सम्मान 2026 अरुणाचल के ताई तुगुंग को मिलेगा

 

देहरादून, 4 अगस्त। उत्तराखण्ड लोक समाज की ओर से दिया जाने वाला नरेन्द्र सिंह नेगी संस्कृति सम्मान-2026 इस वर्ष अरुणाचल प्रदेश के प्रख्यात रंगकर्मी, अभिनेता, नाटककार और हिन्दी के शिक्षक ताई तुगुंग को प्रदान किया जाएगा। यह सम्मान हिमालयी राज्यों में सामाजिक, साहित्यिक, सांस्कृतिक और लोक कला के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तित्व को दिया जाता है।
सम्मान के तहत ताई तुगुंग को 2.51 लाख रुपये की धनराशि, प्रशस्ति-पत्र और अंगवस्त्र भेंट किए जाएंगे। सम्मान समारोह 12 अगस्त 2026 को लोकगायक नरेन्द्र सिंह नेगी के जन्मदिवस पर देहरादून में आयोजित होगा।
ताई तुगुंग अरुणाचल प्रदेश की न्यीशी भाषा के प्रमुख अभिनेता, रंगकर्मी और नाटककार हैं। उन्होंने अरुणाचल प्रदेश की लोक संस्कृति और लोक रंगमंच को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। वे न्यीशी, असमिया, हिन्दी और अंग्रेजी भाषाओं के जानकार हैं तथा पूर्वी कामेंग जिले के एक राजकीय महाविद्यालय में हिन्दी के सहायक आचार्य के रूप में कार्यरत हैं।
ताई तुगुंग को अरुणाचल प्रदेश के पहले नाटककारों में गिना जाता है। वे पिछले दो दशकों से रंगमंच से जुड़े हैं और नाट्य संस्था “द क्रिएटर्स” (The Creators) के संस्थापक हैं। उन्होंने राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर नाटक लेखन, अभिनय तथा निर्देशन में सक्रिय भूमिका निभाई है।
उन्होंने अरविन्द गौड़ के निर्देशन में भीष्म साहनी के नाटक कबिरा खड़ा बाजार में में सिकन्दर लोदी, हबीब तनवीर के चरनदास चोर में चरनदास, प्रभाकर श्रोत्रिय के सांच कहूं तो में उड़ीसा के राजा तथा द माइजर में मुख्य भूमिका निभाई। इसके अलावा उनके स्वरचित नाटक दोत्री यायी चुमजी में आबोतानी और लप्या में गांव के बुजुर्ग तामर की भूमिका भी काफी सराही गई।
फिल्मों और टेलीविजन में भी ताई तुगुंग ने अपनी पहचान बनाई है। उन्होंने डॉक्टर आबो, ईटानगर जीरो किलोमीटर और डॉक्यूमेंट्री द केच में अभिनय किया। वहीं द किल्ड माई सन में खलनायक, भेड़िया में पुलिस अधिकारी एच. टेम्पोल तथा संगी माई में मुख्य भूमिका निभाई। संगी माई का प्रदर्शन कान्स फिल्म फेस्टिवल में भी किया गया। दूरदर्शन धारावाहिक कड़ियां में उन्होंने प्रिंस की मुख्य भूमिका निभाई।
राज्य स्तर पर अनेक सम्मानों से सम्मानित और आंचलिक सिनेमा के पहले सुपरस्टार के रूप में पहचान रखने वाले ताई तुगुंग को 12 अगस्त को देहरादून में आयोजित समारोह में सम्मानित किया जाएगा।
समारोह के दौरान नरेन्द्र सिंह नेगी के गीतों के अंग्रेजी अनुवाद पर आधारित पुस्तक “Mountain Melodies of Narendra Singh Negi” का भी लोकार्पण किया जाएगा। इस पुस्तक का अंग्रेजी अनुवाद उत्कर्ष भट्ट ने किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!