जौनसार-बावर महोत्सव में मुख्यमंत्री ने की सड़क, पुल और पेयजल योजनाओं की घोषणाएं

नागथात (देहरादून), 9 जून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को स्वतंत्रता संग्राम सेनानी केदार सिंह स्टेडियम, नागथात में आयोजित जौनसार-बावर लोक सांस्कृतिक महोत्सव एवं क्रीड़ा समारोह-2026 में प्रतिभाग करते हुए क्षेत्र के विकास से जुड़ी कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्वर्गीय केदार सिंह की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
मुख्यमंत्री ने समरजेंस मोटर मार्ग के चौड़ीकरण एवं डामरीकरण, प्राथमिक विद्यालय नागथात को आदर्श विद्यालय के रूप में विकसित करने तथा बागी-खेड़ा-कोटा-तपलाड़ मार्ग पर यमुना नदी में 60 मीटर स्पैन पुल निर्माण की घोषणा की। इसके अलावा क्यारापुल-डामटा-म्यूंडा मार्ग से छामरी और जाखणी तक सड़क निर्माण, सकरोल से भोड़ा-भालनू, उटेल होते हुए द्वितीय सिद्धपीठ महासू महाराज थैना तक मोटर मार्ग निर्माण तथा खबऊ क्षेत्र के खेड़ा रमारका, कुन्ना और बुराष्टी गांवों के लिए यमुना नदी से पंपिंग पेयजल योजना शुरू करने की भी घोषणा की।

उन्होंने जगथान-बुरायला मार्ग से उदांवा गांव तक सड़क निर्माण का प्रस्ताव तैयार करने तथा क्षेत्रीय संपर्क सुविधाओं को मजबूत करने के लिए द्वीना से बिसोई खुना अलमान तक नए संपर्क मार्ग के निर्माण की भी घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार जनजातीय क्षेत्रों के समग्र विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है। प्रधानमंत्री जनजातीय उन्नत ग्राम अभियान के तहत उत्तराखंड के 128 जनजातीय गांवों को चिह्नित किया गया है, जहां सड़क, बिजली, पेयजल और इंटरनेट जैसी मूलभूत सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि कालसी, मेहरावना, बाजपुर और खटीमा में एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय संचालित हो रहे हैं, जबकि बाजपुर और चकराता में नए विद्यालयों का निर्माण कार्य जारी है। जनजातीय विद्यार्थियों को प्राथमिक स्तर से स्नातकोत्तर स्तर तक छात्रवृत्ति प्रदान की जा रही है तथा प्रदेश में 16 राजकीय आश्रम पद्धति विद्यालय संचालित हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनजातीय समुदाय की बेटियों के विवाह के लिए 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है। साथ ही जनजातीय शोध संस्थान के लिए एक करोड़ रुपये का कोष स्थापित किया गया है।
उन्होंने बताया कि चकराता क्षेत्र के विकास के लिए स्वीकृत 56 योजनाओं में से 51 पूरी हो चुकी हैं, जबकि शेष पांच योजनाओं पर कार्य प्रगति पर है। पूरे क्षेत्र में सड़क अवसंरचना को मजबूत करने के लिए 1,300 करोड़ रुपये से अधिक की योजनाओं पर काम चल रहा है। राष्ट्रीय राजमार्ग-707 और 707ए के चौड़ीकरण का कार्य भी जारी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि लगभग 229 करोड़ रुपये की लागत से न्यू चकराता टाउनशिप हय्यो डांडा पंपिंग पेयजल योजना पर कार्य किया जा रहा है। इसके अलावा महासू देवता मंदिर परिसर के विकास के लिए 120 करोड़ रुपये के मास्टर प्लान के अंतर्गत विभिन्न कार्य संचालित हैं।
कार्यक्रम में विधायक मुन्ना सिंह चौहान, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष मधु चौहान, गीता राम गौड़, मेला समिति अध्यक्ष नरेश चौहान, महासचिव नरेंद्र तोमर सहित अनेक जनप्रतिनिधि और क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
