Front Page

टनल हादसा: धामी ने झारखंड और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्रियों से की वार्ता, श्रमिकों को हरसंभव मदद का भरोसा

 

देहरादून, 13 अगस्त। चमोली जिले के मायापुर (पीपलकोटी) स्थित टीएचडीसी की निर्माणाधीन टनल में मलबा और पानी भरने की घटना के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने झारखंड और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्रियों से दूरभाष पर वार्ता कर हादसे की स्थिति की जानकारी दी।
मुख्यमंत्री धामी ने दोनों राज्यों के मुख्यमंत्रियों को टनल में फंसे उनके राज्यों के श्रमिकों की स्थिति से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि उत्तराखंड सरकार ने घटना के तत्काल बाद राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया था। अभियान युद्धस्तर पर चलाया जा रहा है और अब तक 16 श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। शेष प्रभावित श्रमिकों को सुरक्षित निकालने के लिए भी सभी आवश्यक प्रयास लगातार जारी हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि रेस्क्यू किए गए श्रमिकों के उपचार और स्वास्थ्य संबंधी व्यवस्थाओं में किसी प्रकार की कमी नहीं रखी जा रही है। उन्हें तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई गई है। जरूरत के अनुसार विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं, दवाइयां, भोजन, आवास और अन्य आवश्यक सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं।
उन्होंने कहा कि यदि किसी श्रमिक की स्थिति को देखते हुए उसे उच्च चिकित्सा संस्थान में रेफर करने की आवश्यकता पड़ती है तो इसके लिए भी समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
मुख्यमंत्री धामी ने झारखंड और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्रियों को आश्वस्त किया कि उत्तराखंड सरकार हादसे से प्रभावित प्रत्येक श्रमिक और उनके परिवार के साथ पूरी संवेदनशीलता के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि श्रमिकों की सुरक्षा और राहत सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
उन्होंने दोनों राज्यों की सरकारों के साथ लगातार समन्वय बनाए रखने और बचाव अभियान से संबंधित आवश्यक सूचनाएं साझा करने की बात भी कही। मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि प्रभावित श्रमिकों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने में राज्य सरकार कोई कसर नहीं छोड़ेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!