कांग्रेस ने शुरू किया ‘छात्रों की गूंज’ अभियान, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे और परीक्षा सुधारों की मांग

देहरादून, 25 जून। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस ने देशभर में छात्रों और प्रतियोगी परीक्षा अभ्यर्थियों से जुड़े मुद्दों को लेकर 40 दिवसीय राष्ट्रव्यापी अभियान ‘छात्रों की गूंज’ की शुरुआत की है। अभियान के तहत देश के 28 प्रमुख शहरों में छात्रों, कोचिंग संस्थानों, कॉलेज परिसरों और युवा समूहों के बीच जनसंपर्क कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
अभियान के शुभारंभ के अवसर पर उत्तरांचल प्रेस क्लब, देहरादून में आयोजित पत्रकार वार्ता में राज्यसभा सांसद रंजीत रंजन तथा कांग्रेस चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने केंद्र सरकार की शिक्षा व्यवस्था और राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए।
रंजीत रंजन ने कहा कि देश के लाखों छात्र बार-बार होने वाले पेपर लीक, परीक्षा रद्द होने, परिणामों में देरी और भर्ती प्रक्रियाओं के लंबित रहने से प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाओं में लगातार सामने आ रहे अनियमितताओं के मामलों ने छात्रों का भरोसा कमजोर किया है। उन्होंने कहा कि छात्र किसी विशेष सुविधा की नहीं, बल्कि निष्पक्ष और समयबद्ध परीक्षा व्यवस्था की मांग कर रहे हैं।
कांग्रेस नेताओं ने नीट परीक्षा से जुड़े विवादों का उल्लेख करते हुए कहा कि परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की आवश्यकता है। उन्होंने शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देने तथा कथित पेपर लीक नेटवर्क और उससे जुड़े लोगों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।
प्रीतम सिंह ने कहा कि पेपर लीक की घटनाएं अब अलग-थलग मामले नहीं रह गई हैं, बल्कि यह राष्ट्रीय स्तर की गंभीर समस्या का रूप ले चुकी हैं। उनका कहना था कि भर्ती परीक्षाओं और प्रवेश परीक्षाओं में अनियमितताओं के कारण युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार इस मुद्दे पर अपेक्षित गंभीरता नहीं दिखा रही है।
कांग्रेस ने मांग की कि राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) सहित पूरी परीक्षा प्रणाली की व्यापक समीक्षा की जाए। इसके अंतर्गत प्रश्नपत्र निर्माण, प्रिंटिंग, परिवहन, परीक्षा केंद्रों की व्यवस्था, डिजिटल सुरक्षा और वेंडर एजेंसियों की भूमिका की जांच कर सुधारात्मक कदम उठाए जाएं। साथ ही सभी प्रतियोगी परीक्षाओं और सरकारी भर्तियों के लिए वार्षिक कैलेंडर जारी कर समयबद्ध परिणाम और नियुक्तियां सुनिश्चित की जाएं।
पार्टी ने अभियान की आगामी रूपरेखा भी घोषित की। इसके तहत 30 जून से देश के 28 शहरों में छात्र संपर्क अभियान, पर्चा वितरण और नुक्कड़ सभाएं आयोजित होंगी। जुलाई माह में कैंपस संपर्क और संवाद कार्यक्रम चलाए जाएंगे। 1 अगस्त को जिला मुख्यालयों पर प्रदर्शन तथा 9 अगस्त को ‘दिल्ली चलो’ कार्यक्रम के साथ अभियान के प्रथम चरण का समापन किया जाएगा।
इस अवसर पर ‘छात्रों की गूंज’ अभियान का पोस्टर भी जारी किया गया। कार्यक्रम में नीट के अभ्यर्थी वर्णिता मौर्या और सिद्धार्थ सिंह सहित कांग्रेस के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
