Front Pageराजनीति

पार्टी विरोधी गतिविधियों पर कांग्रेस की बड़ी कार्रवाई, तीन नेता छह वर्ष के लिए निष्कासित

देहरादून, 5 जुलाई। उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने पार्टी विरोधी गतिविधियों और अनुशासनहीनता के आरोप में तीन कांग्रेस नेताओं को छह वर्ष के लिए पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निष्कासित कर दिया है।

प्रदेश कांग्रेस महामंत्री (संगठन) राजेन्द्र सिंह भंडारी द्वारा जारी आदेश के अनुसार पूर्व जिलाध्यक्ष महेन्द्र लुंठी, पूर्व महिला जिलाध्यक्ष भावना नगरकोटी तथा दीपक लुंठी को तत्काल प्रभाव से छह वर्ष के लिए पार्टी से निष्कासित किया गया है।

राजेन्द्र सिंह भंडारी ने बताया कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर प्रदेशभर में ‘परिवर्तन संकल्प सम्मेलन’ आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में 30 जून 2026 को प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में पिथौरागढ़ विधानसभा क्षेत्र में सम्मेलन आयोजित किया गया था। आरोप है कि उक्त तीनों नेताओं ने अपने समर्थकों के साथ कार्यक्रम के दौरान प्रदेश अध्यक्ष एवं अन्य वरिष्ठ नेताओं की उपस्थिति में व्यवधान उत्पन्न किया, जो पार्टी अनुशासन का गंभीर उल्लंघन है।

उन्होंने कहा कि मंच पर किए गए कृत्यों और पार्टी विरोधी गतिविधियों से संगठन की छवि धूमिल हुई। मामले को गंभीरता से लेते हुए तीनों नेताओं को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था और तीन दिन के भीतर जवाब मांगा गया। साथ ही जिला कांग्रेस कमेटी, पिथौरागढ़ से विस्तृत रिपोर्ट भी तलब की गई।

रिपोर्ट और संबंधित पक्षों के जवाबों के परीक्षण के बाद प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने राष्ट्रीय नेतृत्व के दिशा-निर्देशों के अनुरूप अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए तीनों नेताओं को तत्काल प्रभाव से छह वर्ष के लिए पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निष्कासित कर दिया।

प्रदेश महामंत्री (संगठन) राजेन्द्र सिंह भंडारी ने कहा कि कांग्रेस एक अनुशासित संगठन है और पार्टी में अनुशासनहीनता किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि जो भी व्यक्ति पार्टी अनुशासन की सीमा का उल्लंघन करेगा, उसके विरुद्ध इसी प्रकार की सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!