रानीखेत में सेना भर्ती की तैयारियां तेज, 25 जुलाई से फिजिकल टेस्ट
अल्मोड़ा, 5 जुलाई। सेना भर्ती कार्यालय, अल्मोड़ा ने भर्ती वर्ष 2027 के अभ्यर्थियों के लिए महत्वपूर्ण सूचना जारी करते हुए बताया है कि भारतीय सेना भर्ती के लिए आयोजित ऑनलाइन कॉमन एंट्रेंस एग्जाम (CEE) का परिणाम अगले तीन से चार दिनों में घोषित किया जाएगा। सभी अभ्यर्थियों से अपील की गई है कि वे अपना परिणाम भारतीय सेना की आधिकारिक वेबसाइट और अपने पंजीकृत जीमेल खाते पर नियमित रूप से जांचते रहें।
भर्ती कार्यालय के अनुसार, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के सभी जिलों के केंद्रीय श्रेणी (रिलीजियस टीचर, जेसीओ कैटरिंग, एजुकेशन हवलदार एवं हवलदार सर्वे ऑटो कार्टो) तथा जोनल श्रेणी (सिपाही फार्मा एवं नर्सिंग असिस्टेंट) के अभ्यर्थियों की शारीरिक दक्षता परीक्षा (Physical Fitness Test) 25 एवं 26 जुलाई को रानीखेत स्थित सोमनाथ ग्राउंड में आयोजित की जाएगी। इसी दौरान अभ्यर्थियों के मूल दस्तावेजों का भी सत्यापन किया जाएगा।
इसके अलावा उत्तराखंड के चार जिलों—अल्मोड़ा, बागेश्वर, नैनीताल और ऊधम सिंह नगर के अग्निवीर श्रेणी के अभ्यर्थियों की शारीरिक दक्षता परीक्षा 27 जुलाई से इसी मैदान में शुरू होगी।
भर्ती कार्यालय ने स्पष्ट किया है कि अभ्यर्थियों को सभी आवश्यक दस्तावेजों की मूल प्रतियां, उनकी तीन-तीन छायाप्रतियां तथा तीन माह से अधिक पुराने न होने वाले 20 पासपोर्ट आकार के फोटो साथ लाने होंगे। अनिवार्य दस्तावेजों में आधार कार्ड (आधार से लिंक मोबाइल नंबर सहित), शैक्षणिक प्रमाण पत्र एवं अंकतालिकाएं, जाति प्रमाण पत्र, स्थायी निवास प्रमाण पत्र, अविवाहित प्रमाण पत्र, चरित्र प्रमाण पत्र तथा एक वर्ष के भीतर का ऑनलाइन पुलिस सत्यापन प्रमाण पत्र शामिल हैं। इन दस्तावेजों के बिना किसी भी अभ्यर्थी को भर्ती रैली स्थल में प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
अग्निवीर श्रेणी के उन अभ्यर्थियों के लिए, जो कुमाऊँनी जाति के अंतर्गत आते हैं, भर्ती कार्यालय ने विशेष निर्देश जारी किए हैं कि उनके जाति प्रमाण पत्र में स्पष्ट रूप से “कुमाऊँनी जाति” अंकित होना चाहिए। केवल “कुमाऊँ क्षेत्र” का उल्लेख पर्याप्त नहीं माना जाएगा।
सेना भर्ती कार्यालय ने चेतावनी दी है कि यदि कोई अभ्यर्थी फर्जी दस्तावेज प्रस्तुत करते हुए पाया गया तो उसकी उम्मीदवारी तत्काल निरस्त कर दी जाएगी और उसके विरुद्ध पुलिस में शिकायत दर्ज कराई जाएगी।
अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे भर्ती रैली से संबंधित जारी अधिसूचना का भली-भांति अध्ययन करें तथा शारीरिक दक्षता परीक्षा की तैयारी निरंतर जारी रखें। किसी भी प्रकार की जानकारी या स्पष्टीकरण के लिए अभ्यर्थी सेना भर्ती कार्यालय, अल्मोड़ा के मोबाइल 94581-68520 तथा लैंडलाइन 05962-297192 एवं 05962-298449 पर संपर्क कर सकते हैं।
