क्षेत्रीय समाचार

राजजात और पुनर्निर्माण कार्यों का हवाला देकर ठेकेदार संघ ने स्थानांतरणों का किया विरोध

 

थराली, संवाददाता (हरेंद्र बिष्ट)। सिंचाई खंड थराली और लोक निर्माण विभाग (लोनिवि) थराली में अधिकारियों एवं कर्मचारियों के हालिया स्थानांतरणों का ठेकेदार संघ ने विरोध जताते हुए इन्हें तत्काल निरस्त करने की मांग की है। संघ ने उपजिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर कहा कि इन स्थानांतरणों से आगामी श्री नंदादेवी राजजात यात्रा की तैयारियों तथा आपदा पुनर्निर्माण कार्यों पर प्रतिकूल असर पड़ेगा।
तहसील कार्यालय में ठेकेदार संघ के एक शिष्टमंडल ने उपजिलाधिकारी यशवीर सिंह से भेंट कर मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कहा गया कि हाल ही में सिंचाई खंड थराली से अधिशासी अभियंता सहित दो अवर अभियंताओं का स्थानांतरण किया गया है। इसी प्रकार लोक निर्माण विभाग, थराली से एक सहायक अभियंता, दो अवर अभियंता, एक प्रशासनिक अधिकारी तथा दो कनिष्ठ सहायकों का भी तबादला कर दिया गया है।
संघ का कहना है कि वर्ष 2027 में आयोजित होने वाली श्री नंदादेवी राजजात यात्रा की तैयारियां शुरू होनी हैं। इसके अलावा आपदाग्रस्त थराली क्षेत्र में पुनर्निर्माण एवं बाढ़ सुरक्षा से जुड़े कई महत्वपूर्ण कार्य भी प्रस्तावित हैं। ऐसे समय में अनुभवी अधिकारियों, अभियंताओं और मंत्रालयिक कर्मचारियों के एक साथ स्थानांतरण से विकास एवं निर्माण कार्यों की गति प्रभावित होने की आशंका है।
ठेकेदार संघ ने मुख्यमंत्री से सभी स्थानांतरण तत्काल निरस्त करने की मांग की है। उपजिलाधिकारी ने शिष्टमंडल को ज्ञापन मुख्यमंत्री तक पहुंचाने का आश्वासन दिया। ज्ञापन की प्रति थराली के विधायक भूपाल राम टम्टा को भी आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजी गई है।
ज्ञापन पर ठेकेदार संघ के अध्यक्ष पुष्कर सिंह फरस्वाण सहित किशोर घुनियाल, रमेश सिंह गड़िया, अनिल देवराड़ी, गंगा सिंह, संजय जोशी, प्रमोद बागड़ी, महावीर बिष्ट, पवन रावत, महिपाल सिंह और अन्य सदस्यों के हस्ताक्षर हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!