उत्तराखंड बाल आयोग के सदस्य बने दयाल बिष्ट ने संभाला कार्यभार

थराली, 17 जून (हरेंद्र बिष्ट)। उत्तराखंड बाल आयोग के सदस्य के रूप में नियुक्त दयाल बिष्ट ने बुधवार को देहरादून के प्रेमनगर स्थित आयोग कार्यालय में विधिवत रूप से अपना कार्यभार ग्रहण कर लिया। इस अवसर पर आयोग के पदाधिकारी, अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
देवाल विकासखंड के सैनिक बाहुल्य गांव सवाड़ निवासी तथा डीएवी कॉलेज देहरादून के पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष दयाल बिष्ट को राज्य सरकार ने हाल ही में उत्तराखंड बाल आयोग का सदस्य नामित किया था। नियुक्ति के बाद उन्होंने बुधवार को आयोग कार्यालय में पदभार संभाला।
कार्यभार ग्रहण करने के बाद दयाल बिष्ट ने कहा कि वे बच्चों के अधिकारों की सुरक्षा, उनके सर्वांगीण विकास तथा बाल हितों के संरक्षण के लिए पूर्ण निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करेंगे। उन्होंने राज्य के प्रत्येक बच्चे तक आयोग की योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ पहुंचाने तथा बाल संरक्षण तंत्र को और अधिक प्रभावी बनाने का संकल्प व्यक्त किया।
इस अवसर पर आयोग की अध्यक्ष गीता खन्ना, सचिव बरनवाल, अनुसचिव एस.के. सिंह सहित आयोग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। सभी ने दयाल बिष्ट का स्वागत करते हुए उनके सफल एवं जनहितकारी कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष देवेंद्र बिष्ट तथा जीएमवीएन के निदेशक पारस गोयल भी उपस्थित रहे। उन्होंने दयाल बिष्ट को नई जिम्मेदारी के लिए बधाई देते हुए राज्य सरकार का आभार व्यक्त किया।
