बेराधार में 17 वर्षों बाद फिर गूंजी रामलीला की स्वर लहरियां
थराली, 17 जून (हरेंद्र बिष्ट)। विकासखंड देवाल के अंतर्गत बेराधार गांव में 17 वर्षों के लंबे अंतराल के बाद मंगलवार रात्रि से श्रीरामलीला मंचन का शुभारंभ हो गया। धार्मिक आस्था और उत्साह के माहौल में आयोजित कार्यक्रम का उद्घाटन थराली विधायक भूपाल राम टम्टा ने दीप प्रज्ज्वलित कर एवं फीता काटकर किया।
इस अवसर पर विधायक भूपाल राम टम्टा ने कहा कि मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम का जीवन आदर्शों, सत्य, धर्म और त्याग का अनुपम उदाहरण है। उन्होंने कहा कि यदि समाज भगवान राम के बताए मार्ग का अनुसरण करे तो पुनः रामराज्य की परिकल्पना साकार हो सकती है। उन्होंने रामभक्तों से भगवान राम के आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करने का आह्वान किया।
बेराधार में 17 वर्षों बाद पुनः रामलीला मंचन शुरू होने से क्षेत्र में विशेष उत्साह का माहौल है। कार्यक्रम में देवाल ब्लॉक प्रमुख तेजपाल रावत, भाजपा देवाल मंडल अध्यक्ष उमेश मिश्रा, नरेंद्र बिष्ट, युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष विनायक मिश्रा, संदीप बिष्ट, राकेश भारद्वाज सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
इस मौके पर ग्राम प्रधान सुमित्रा देवी, रामलीला कमेटी के अध्यक्ष बीरेंद्र सिंह बिष्ट, खड़क सिंह रावत, बीरेंद्र रावत, लखन सिंह, चंद्र सिंह, दिगपाल सिंह और जय सिंह पनेरी सहित अन्य पदाधिकारियों ने मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथियों का स्वागत किया।
रामलीला के प्रथम दिवस की प्रस्तुतियों ने दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। कार्यक्रम का शुभारंभ कोरस गायन तथा गांव की बालिकाओं द्वारा प्रस्तुत स्वागत गीत से हुआ। इसके बाद नट-नटनी की आकर्षक प्रस्तुति दी गई। मंचन में राजा दशरथ के यहां भगवान राम के जन्मोत्सव तथा रावण द्वारा भगवान शिव की तपस्या के प्रसंगों का प्रभावशाली एवं जीवंत चित्रण किया गया, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा।
