क्षेत्रीय समाचार

घरेलू व व्यवसायिक गैस की कमी को लेकर प्रतिनिधिमंडल ने डीएम से की मुलाकात

गोपेश्वर, 15 अप्रैल (महिपाल गुसाईं) । चमोली जनपद में घरेलू एवं व्यवसायिक गैस की कमी के मुद्दे को लेकर एक प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को जिलाधिकारी से मुलाकात कर समस्या के शीघ्र समाधान की मांग की। खाड़ी देशों में चल रहे तनाव का असर अब स्थानीय स्तर पर भी दिखाई देने लगा है, जिससे आम जनता और व्यापारियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेंद्र सिंह भंडारी के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल जिला अधिकारी कार्यालय पहुंचा। इस दौरान उन्होंने जिलाधिकारी को गैस आपूर्ति से जुड़ी विभिन्न समस्याओं से अवगत कराया। प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने बताया कि व्यवसायिक गैस की कमी के कारण होटल, रेस्टोरेंट तथा अन्य छोटे-बड़े कारोबार प्रभावित हो रहे हैं, जिससे व्यापारियों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है और आम लोगों को भी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।
जिलाधिकारी गौरव कुमार ने इस संबंध में स्पष्ट किया कि जनपद में घरेलू गैस की कोई विशेष कमी नहीं है, हालांकि कमर्शियल गैस कनेक्शनों की उपलब्धता में कमी की स्थिति सामने आई है। उन्होंने आश्वासन दिया कि समस्या के समाधान के लिए संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं, ताकि जल्द से जल्द आपूर्ति व्यवस्था को सामान्य किया जा सके।
प्रतिनिधिमंडल में राजेंद्र सिंह भंडारी के साथ बीरेंद्र असवाल, तारेन्द्र थपलियाल, रविन्द्र नेगी, अनूप रावत, राकेश नवानी, अंकित सिंह सहित अन्य लोग भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!