गौचर मेले में बुजुर्ग पूर्व सैनिकों और सैनिक विधवाओं को सम्मानित करने की मांग
गौरव सैनिक संगठन की बैठक में संगठन के विस्तार, कैंटीन और पेंशन संबंधी समस्याओं पर हुई चर्चा
गौचर, 3 नवंबर (दिग्पाल गुसाईं)। गौरव सैनिक संगठन ने आगामी 14 नवंबर से आयोजित होने वाले ऐतिहासिक गौचर मेले के दौरान सैनिक सम्मेलन में बुजुर्ग पूर्व सैनिकों एवं सैनिक विधवाओं को सम्मानित किए जाने की मांग की है। संगठन ने मेले में अपना स्टॉल लगाकर पूर्व सैनिकों और उनके आश्रितों के कल्याण के लिए किए जा रहे कार्यों की जानकारी देने का भी निर्णय लिया है।
संगठन के अध्यक्ष वीरपाल सिंह नेगी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में पूर्व सैनिकों एवं सैनिक विधवाओं की समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। इस अवसर पर संगठन के विस्तार पर जोर देते हुए नेगी ने कहा कि गौरव सैनिक संगठन का मुख्य उद्देश्य पूर्व सैनिकों, वीर नारियों एवं उनके आश्रितों की समस्याओं का समाधान कर उन्हें हरसंभव सहायता उपलब्ध कराना है। उन्होंने अधिक से अधिक पूर्व सैनिकों को संगठन से जोड़ने की आवश्यकता बताई।
बैठक में निर्णय लिया गया कि गौचर मेले में आयोजित होने वाले सैनिक सम्मेलन के अवसर पर संगठन से जुड़े बुजुर्ग पूर्व सैनिकों और सैनिक विधवाओं को सम्मानित करने के लिए संबंधित अधिकारियों से वार्ता की जाएगी। इसके अलावा सीएसडी कैंटीन से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए भी अधिकारियों से संपर्क किया जाएगा।
बैठक में भारतीय स्टेट बैंक की गौचर शाखा के प्रबंधक ने पूर्व सैनिकों को पेंशन संबंधी समस्याओं और उनके समाधान की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इस दौरान पूर्व सैनिकों ने अपनी विभिन्न समस्याएं भी रखीं।
बैठक में कैप्टन प्रेमपाल सिंह, कैप्टन सुरेंद्र सिंह कनवासी, सूबेदार उमराव सिंह, सूबेदार शिशुपाल सिंह, दिलवर सिंह, मातबर सिंह कनवासी, गोविंद सिंह, भरत सिंह नेगी, बीरेंद्र सिंह नेगी, भगवती प्रसाद खंडूड़ी, प्रेमपाल सिंह, रणजीत सिंह भंडारी, शिवीदेई देवी, रमेश सिंह चौधरी, रमेश डिमरी, राजेंद्र सिंह चौधरी, महेंद्र सिंह राणा, महावीर सिंह, महेंद्र सिंह, कल्याण सिंह, पुष्कर सिंह, सुखबीर सिंह, रणजीत सिंह, विक्रम सिंह, नरेंद्र सिंह तथा नायक गोविंद सिंह सहित अनेक पूर्व सैनिकों ने अपने विचार व्यक्त किए।

