Front Page

देवप्रयाग के मेधावी विद्यार्थियों ने मुख्य सचिव से की मुलाकात

देहरादून, 17 सितम्बर। भारत भ्रमण पर निकले देवप्रयाग विधानसभा क्षेत्र के मेधावी एवं टॉपर विद्यार्थियों ने गुरुवार को सचिवालय में मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन से मुलाकात की। विधायक विनोद कंडारी के नेतृत्व में पहुंचे विद्यार्थियों से मुख्य सचिव ने विभिन्न विषयों पर संवाद किया और अपने अनुभव साझा किए।

मुख्य सचिव ने कहा कि जीवन में सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं है और मेहनत का कोई विकल्प नहीं हो सकता। तेजी से बदलती तकनीक के दौर में विद्यार्थियों को लगातार नई जानकारियां हासिल करने और तकनीकी रूप से सक्षम बनने की जरूरत है। आज प्रतिस्पर्धा गांव या क्षेत्र तक सीमित नहीं, बल्कि देशभर के विद्यार्थियों के साथ है।

उन्होंने मोबाइल फोन और तकनीक का सावधानी से उपयोग करने की सलाह देते हुए कहा कि इनके फायदे के साथ नुकसान भी हैं। विद्यार्थियों को किसी परेशानी या गलती को छिपाने के बजाय माता-पिता और शिक्षकों से साझा करना चाहिए। तनाव की स्थिति में भी भरोसेमंद लोगों से बातचीत करना जरूरी है।

मुख्य सचिव ने विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने और मित्रों का चयन सोच-समझकर करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि पढ़ाई के साथ संगीत, गायन, खेल अथवा रुचि की अन्य गतिविधियों से जुड़ने से जीवन में संतुलन बनाए रखने में मदद मिलती है।

उन्होंने भारत भ्रमण को नई जगहों, संस्कृतियों और लोगों को समझने का अवसर बताते हुए विद्यार्थियों से यात्रा के अनुभवों से सीखने को कहा। मुख्य सचिव ने देवप्रयाग के मेधावी विद्यार्थियों के लिए भारत भ्रमण की पहल की सराहना करते हुए इसे अन्य क्षेत्रों में भी शुरू करने की बात कही।

इस अवसर पर विधायक विनोद कंडारी, सचिव डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम, ज्योति यादव, जोत सिंह बिष्ट, अपर सचिव नमामि बंसल सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!