Front Page

चारधाम यात्रा को लेकर मुख्यमंत्री ने दी शुभकामनाएं, सुरक्षित व सुगम यात्रा का दिलाया भरोसा

 

देहरादून, 18 अप्रैल। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश में रविवार, 19 अप्रैल से प्रारम्भ हो रही चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं देते हुए उनकी मंगलमय यात्रा की कामना की है।

मुख्यमंत्री ने चारधाम यात्रा हेतु आए सभी श्रद्धालुओं का स्वागत करते हुए कहा कि वे बाबा केदार, मां गंगोत्री, मां यमुनोत्री तथा बद्री विशाल से प्रार्थना करते हैं कि विगत वर्ष की भांति इस वर्ष भी चारधाम यात्रा सकुशल संपन्न हो। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस वर्ष की चारधाम यात्रा अपने पिछले सभी पुराने रिकॉर्ड तोड़ेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार सुरक्षित चारधाम यात्रा के लिए निरंतर प्रयासरत है। इस संबंध में प्रत्येक स्तर पर यात्रा से जुड़ी तैयारियों की लगातार समीक्षा की जा रही है। हमारा प्रयास रहेगा कि जो भी श्रद्धालु यात्रा पर आएं, वे वापस लौटते समय देवभूमि उत्तराखंड में बिताए गए समय की स्वर्णिम यादों को साथ लेकर जाएं।

उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा राज्य के लिए एक उत्सव के समान है। इस यात्रा में देश-विदेश से लाखों की संख्या में श्रद्धालु उत्तराखंड आते हैं। सभी श्रद्धालुओं की यात्रा सुगम और सुरक्षित हो, इसके लिए व्यापक व्यवस्थाएं की जा रही हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि चारधाम यात्रा पर आने वाले सभी श्रद्धालुओं की यात्रा सफल और सुगम बनाने के लिए हम सभी को सहयोगी बनना होगा, ताकि अधिक से अधिक श्रद्धालु देवभूमि का संदेश देश और दुनिया तक पहुंचाने में मददगार बन सकें।

मुख्यमंत्री ने चारधाम यात्रा में लगे सफाई कर्मचारियों से लेकर सुरक्षा में तैनात पुलिस जवानों और प्रशासनिक अधिकारियों से अपील करते हुए कहा कि सभी अपने दायित्वों का कुशलतापूर्वक निर्वहन करें, ताकि यात्रा पर आने वाले किसी भी श्रद्धालु को असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने विश्वास जताया कि आपसी सहयोग और भगवान के आशीर्वाद से इस वर्ष की यात्रा भी सुरक्षित और सुविधाजनक ढंग से संपन्न होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!