तिमुण्डा मेला उत्साह के साथ संपन्न, तिमुण्डा बीर के नए पश्वा का हुआ अवतरण
ज्योतिर्मठ, 18 अप्रैल (कपरुवाण)। भगवान बद्रीविशाल के कपाट खुलने से पूर्व प्रचलित पौराणिक एवं धार्मिक परंपरा के अनुसार शनिवार को तिमुण्डा मेला बड़े ही उत्साह और श्रद्धा के साथ संपन्न हो गया।
देवपूजाई समिति के तत्वावधान में आयोजित होने वाले तिमुण्डा मेले में इस वर्ष तिमुण्डा बीर के नए पश्वा का अवतरण होना था, जिसकी प्रक्रिया मेले के निर्धारित दिवस पर ही संपन्न की गई। इस अवसर पर सभी देवी-देवताओं की उपस्थिति में नए पश्वा के अवतरण की परंपरागत प्रक्रिया के तहत बैजवाड़ी परिवार के दोनों भाइयों को शामिल किया गया।
नवदुर्गा, भुवनेश्वरी, चंडिका एवं दाणी देवियों के पश्वा अवतरित होने के बाद छोटे भाई कन्हैया बैजवाड़ी पर तिमुण्डा बीर का पश्वा अवतरित हुआ।
नव अवतरित तिमुण्डा बीर पश्वा ने मठागण में दुर्गा जी के आलम के चारों ओर परिक्रमा करते हुए परंपरा के अनुसार बकरे का कच्चा मांस, कच्चे चावल, गुड़ तथा पानी का सेवन किया। इस पूरी धार्मिक प्रक्रिया को नजदीक से देखने के लिए हजारों की संख्या में श्रद्धालु और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
शांति एवं यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस विभाग दोपहर से ही मुस्तैद रहा, जिससे मेले का आयोजन सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सका।
