क्षेत्रीय समाचारखेल/मनोरंजन

गौचर में जनपदीय शरद एवं शीतकालीन क्रीड़ा प्रतियोगिता शुरू

गौचर, 23 सितम्बर (गुसाईं)। रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों, मार्च पास्ट और मशाल दौड़ के साथ प्रारंभिक शिक्षा की तीन दिवसीय जनपदीय शरद एवं शीतकालीन क्रीड़ा प्रतियोगिता गौचर मैदान में शुरू हो गई। प्रतियोगिता का शुभारंभ क्षेत्रीय विधायक अनिल नौटियाल और नगर पालिका अध्यक्ष संदीप नेगी ने दीप प्रज्वलित कर किया।
प्रतियोगिता में चमोली जिले के सभी नौ विकासखंडों पोखरी, ज्योतिर्मठ, दशोली, गैरसैंण, देवाल, थराली, नारायणबगड़, नंदानगर और कर्णप्रयाग के छात्र-छात्राएं प्रतिभाग कर रहे हैं। उद्घाटन समारोह में छात्र-छात्राओं ने मार्च पास्ट किया। इसके बाद गत वर्ष के चैंपियन निशांत ने मशाल दौड़ लगाकर प्रतियोगिताओं का विधिवत आगाज किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए।
प्रतियोगिता के पहले दिन बालिका वर्ग की 600 मीटर दौड़ में दशोली की प्रियंका ने प्रथम, कर्णप्रयाग की बबीता ने द्वितीय और पोखरी की वंशिका ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। बालक वर्ग की 600 मीटर दौड़ में गैरसैंण के ललित प्रथम रहे, जबकि कर्णप्रयाग के निशांत ने द्वितीय और नारायणबगड़ के आदित्य ने तृतीय स्थान हासिल किया।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए विधायक अनिल नौटियाल ने कहा कि प्रारंभिक शिक्षा स्तर की क्रीड़ा प्रतियोगिताएं बच्चों को खेलों के क्षेत्र में आगे बढ़ने का पहला अवसर प्रदान करती हैं। उन्होंने खेल प्रतियोगिताओं में अनुशासन और पारदर्शिता बनाए रखने पर जोर दिया। नगर पालिका अध्यक्ष संदीप नेगी ने आयोजन के लिए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया।
इस अवसर पर मुख्य शिक्षा अधिकारी आकाश सारस्वत, खेल समन्वयक बीरेंद्र बिष्ट, प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष दिगंबर नेगी, जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष उपेंद्र सती, पालिका सभासद पूनम रावत, वंदना राणा, ममता देवी, चैतन्य बिष्ट, विनीत रावत, सुरेंद्र सिंह कनवासी और विपुल रावत सहित बड़ी संख्या में शिक्षक, विद्यार्थी और गणमान्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन उपेंद्र सती ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!