गंगा की डोली मुखवा से गंगोत्री धाम के लिए रवाना, कल खुलेंगे कपाट
*जयकारों के बीच मुखवा से रवाना हुई मां गंगा की डोली, गंगोत्री धाम में कल से शुरू होंगे दर्शन*
चारधाम यात्रा की पावन परंपरा के तहत आज मां गंगा की उत्सव डोली उनके शीतकालीन प्रवास स्थल मुखवा से गंगोत्री धाम के लिए विधिवत पूजा-अर्चना के साथ रवाना हो गई। डोली यात्रा में स्थानीय श्रद्धालुओं, पुजारियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
डोली के प्रस्थान के अवसर पर मुखवा गांव में पारंपरिक वाद्य यंत्रों और धार्मिक अनुष्ठानों के बीच भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। श्रद्धालुओं ने मां गंगा के जयकारों के साथ डोली को विदाई दी। गंगोत्री धाम के कपाट विधिवत पूजा-अर्चना और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ कल निर्धारित शुभ मुहूर्त में खोले जाएंगे। कपाट खुलने के साथ ही देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए दर्शन प्रारंभ हो जाएंगे।
जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने कहा है कि प्रशासन द्वारा यात्रा को सुचारु और सुरक्षित बनाने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। यातायात, सुरक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं की समुचित व्यवस्था की गई है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
