क्षेत्रीय समाचार

तलवाड़ी में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित, ग्रामीणों ने कराए स्वास्थ्य परीक्षण

थराली, 18 अप्रैल (हरेंद्र बिष्ट)। विकास खंड थराली के अंतर्गत ग्राम पंचायत तलवाड़ी में ग्राफिक एरा देहरादून की एमएमयू यूनिट द्वारा निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया।
ग्राफिक एरा की एमएमयू यूनिट कुलसारी की ओर से तलवाड़ी में ग्राम प्रधान दीपा फर्स्वाण की अध्यक्षता में आयोजित इस निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर में क्षेत्र के लोगों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर अपना स्वास्थ्य परीक्षण कराया।
ग्राफिक एरा के चिकित्सक डॉ. नितिन रौतेला ने बताया कि एमएमयू यूनिट द्वारा दूरदराज के क्षेत्रों में लगातार निःशुल्क स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया जा रहा है, जिससे चिकित्सा सुविधाओं से वंचित लोगों को काफी राहत मिल रही है। इन शिविरों में मरीजों को विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा परामर्श देने के साथ ही खून की जांच तथा आवश्यक दवाइयां और अन्य प्राथमिक स्वास्थ्य सुविधाएं पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध कराई जाती हैं।
उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य शिविरों में बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों का उपचार किया जा रहा है और उन्हें निःशुल्क दवाइयां प्रदान की जा रही हैं। जिन रोगियों का उपचार एमएमयू यूनिट द्वारा संभव नहीं हो पाता है, ऐसे गंभीर मरीजों को ग्राफिक एरा देहरादून चिकित्सालय के लिए रेफर किया जाता है। साथ ही ग्राफिक एरा द्वारा रोगियों को अस्पताल तक ले जाने और उपचार के बाद वापस भेजने की व्यवस्था भी की जाती है। अस्पताल में भर्ती होने वाले मरीजों के रहने और खाने की व्यवस्था भी अस्पताल प्रबंधन द्वारा निःशुल्क की जाती है, ताकि जरूरतमंद लोगों को समय पर बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें।
उन्होंने यह भी बताया कि भविष्य में भी इसी प्रकार के निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर विभिन्न क्षेत्रों में आयोजित किए जाते रहेंगे।
तलवाड़ी में आयोजित इस शिविर में फार्मासिस्ट दीपक खोलिया, समन्वयक दर्शन परिहार, लैब तकनीशियन राहुल गौड़ तथा विक्रम सिंह सहित अन्य सहयोगियों ने सक्रिय भूमिका निभाई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!