दूरदर्शन आज से प्रसारित करेगा गुमनाम नायकों की गाथा

Spread the love

–uttarakhandhimalaya.in —–

देहरादून, 11 फ़रवरी ( शास्त्री)।स्वतंत्रता संग्राम के गुमनाम नायकों के जीवन वृत्त से नागरिकों को परिचित कराने के उद्देश्य से दूरदर्शन 11 फरवरी से एक धारावाहिक ‘स्वराज- भारत के स्वतंत्रता संग्राम की समग्र गाथा’ का प्रसारण शुरू करेगा। इसका प्रसारण राष्ट्रीय स्तर पर किया जा रहा है।

दूरदर्शन के नेशनल चैनल से शनिवार 11 फरवरी को अपराह्न एक बजे से लगातार तीन कड़ियों का प्रसारण किया जायेगा। देहरादून दूरदर्शन केंद्र की कार्यक्रम प्रमुख श्रीमती तरनजीत कौर और कार्यक्रम अधिशासी समन्वयक नरेंद्र सिंह रावत ने बताया कि बिंज वॉच मोड (बिना अवरोध के) धारावाहिक का प्रसारण प्रत्येक शनिवार और रविवार को किया जायेगा। दूरदर्शन की यह अभिनव प्रस्तुति है।

उन्होंने बताया कि दूरदर्शन और आकाशवाणी ने 550 से भी अधिक स्वतंत्रता सेनानियों के अदम्‍य साहस की गाथाओं को पुन: जीवंत करने और इन गुमनाम नायकों से युवा पीढ़ी को परिचित कराने का महत्वपूर्ण कार्य किया है। इसे राष्ट्रीय चैनल पर प्रसारित किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि स्वराज शीर्षक के इस धारावाहिक के प्रसारण का उद्देश्य स्वतंत्रता संग्राम के नायकों की गाथाओं को प्रस्‍तुत करना है। उन्होंने बताया कि धारावाहिक बनाने से पहले गहन शोध किया गया है। नई पीढ़ी के लिए यह इतिहास का दस्तावेज होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!