Front Page

रुड़की में मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान, मुख्यमंत्री ने नई शिशु वाटिका का किया लोकार्पण

 

देहरादून, 27 जुलाई। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को रुड़की में विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षण संस्थान, उत्तराखंड द्वारा आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह में हाईस्कूल और इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने आनंद स्वरूप आर्य सरस्वती विद्या मंदिर शिशु वाटिका का लोकार्पण भी किया।
मुख्यमंत्री ने सम्मानित विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि लगातार तीसरे वर्ष प्रतिभाशाली छात्रों को सम्मानित करने का अवसर मिलना उनके लिए खुशी की बात है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की सफलता यह साबित करती है कि परिश्रम, अनुशासन और संस्कार के बल पर किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि यह सम्मान विद्यार्थियों के आत्मविश्वास को बढ़ाएगा और उन्हें भविष्य में बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करेगा।
उन्होंने कहा कि विद्या भारती ने भारतीय संस्कृति, राष्ट्रभक्ति और जीवन मूल्यों पर आधारित शिक्षा के माध्यम से देशभर में अपनी अलग पहचान बनाई है। वर्ष 1952 में गोरखपुर से शुरू हुआ सरस्वती शिशु मंदिर आंदोलन आज देशभर में करीब 45 लाख विद्यार्थियों तक पहुंच चुका है। उत्तराखंड में विद्या भारती के 562 विद्यालयों में लगभग 1.25 लाख विद्यार्थी अध्ययनरत हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने नई शिक्षा नीति लागू कर शिक्षा व्यवस्था को आधुनिक, व्यावहारिक और रोजगारोन्मुख बनाने की दिशा में कई कदम उठाए हैं। सरकारी विद्यालयों में स्मार्ट क्लास, आईटी लैब, छात्रावास, निशुल्क पाठ्यपुस्तकें, जूते-बैग वितरण, मुख्यमंत्री मेधावी छात्र प्रोत्साहन योजना और भारत भ्रमण कार्यक्रम जैसी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। कौशल विकास और उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए ‘कौशलम’ कार्यक्रम भी चलाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि युवाओं के हितों की रक्षा के लिए राज्य में सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया गया है, जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। पिछले पांच वर्षों में 34 हजार से अधिक युवाओं को पारदर्शी प्रक्रिया के तहत सरकारी नौकरियां दी गई हैं। साथ ही यूपीएससी, एनडीए और सीडीएस जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की लिखित परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले अभ्यर्थियों को आगे की तैयारी के लिए ₹50 हजार की वित्तीय सहायता भी उपलब्ध कराई जा रही है।
समारोह में आईआईटी रुड़की के निदेशक प्रो. कमल किशोर पंत, विद्या भारती के केंद्रीय संगठन मंत्री डोमेश्वर साहू, भारतीय शिक्षा समिति के मंत्री डॉ. रजनीकांत शुक्ला, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर, जिला पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी, मेयर अनीता अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में अभिभावक, विद्यार्थी और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!