राज्यसभा की 27 सीटों और विधान परिषद की 17 सीटों के लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू
नई दिल्ली, 1 जून। भारत निर्वाचन आयोग (ईसीआई) ने राज्यसभा की 27 सीटों तथा बिहार और कर्नाटक में राज्य विधान परिषद की 17 सीटों के लिए चुनाव प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसके तहत सोमवार से नामांकन पत्र दाखिल किए जाने लगे हैं।
निर्वाचन आयोग के अनुसार राज्यसभा की 24 सीटों पर द्विवार्षिक चुनाव होंगे, जबकि महाराष्ट्र, तमिलनाडु और ओडिशा की एक-एक सीट पर उपचुनाव कराया जाएगा। इसके अलावा बिहार विधान परिषद की नौ तथा कर्नाटक विधान परिषद की सात सीटों पर द्विवार्षिक चुनाव होंगे। बिहार विधान परिषद की एक सीट के लिए उपचुनाव भी कराया जाएगा।

राज्यसभा की जिन 24 सीटों पर द्विवार्षिक चुनाव होने हैं, वे आंध्र प्रदेश, गुजरात, झारखंड, मध्य प्रदेश, मणिपुर, मेघालय, राजस्थान, अरुणाचल प्रदेश, कर्नाटक और मिजोरम से संबंधित हैं।
चुनाव आयोग ने चुनाव कार्यक्रम के संबंध में अधिसूचना जारी करते हुए संबंधित रिटर्निंग अधिकारियों और सहायक रिटर्निंग अधिकारियों की नियुक्ति कर दी है। इसकी जानकारी सोमवार को भारत के राजपत्र और संबंधित राज्यों के राजपत्रों में प्रकाशित की गई।
आयोग के अनुसार नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया 1 जून को सुबह 11 बजे से शुरू हो गई है। उम्मीदवार 8 जून तक दोपहर 3 बजे तक अपने नामांकन पत्र दाखिल कर सकेंगे। नामांकन पत्रों की जांच 9 जून को की जाएगी, जबकि उम्मीदवार 11 जून तक अपना नाम वापस ले सकेंगे।
यदि आवश्यक हुआ तो मतदान 18 जून को सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक कराया जाएगा। मतदान समाप्त होने के बाद उसी दिन शाम 5 बजे से मतगणना शुरू होगी।
निर्वाचन आयोग ने कहा है कि चुनाव प्रक्रिया को स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।
