पर्यावरण

विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में ईको बटालियन (टीए) कुमाऊँ द्वारा पर्यावरण सप्ताह का आयोजन

वृक्षारोपण, नदी स्वच्छता, चित्रकला प्रतियोगिता और जनजागरूकता कार्यक्रम होंगे आयोजित

पिथौरागढ़, 1 जून । विश्व पर्यावरण दिवस 2026 की थीम “प्रकृति से प्रेरित, जलवायु के लिए, हमारे भविष्य के लिए” के तहत 130 इन्फैंट्री बटालियन (टीए) ईको कुमाऊँ द्वारा 2 से 5 जून तक पिथौरागढ़ एवं आसपास के क्षेत्रों में पर्यावरण सप्ताह का आयोजन किया जाएगा।

इस अभियान के दौरान विद्यालयी छात्रों के लिए यूनिट नर्सरी भ्रमण, पौधशाला तकनीकों तथा वर्मी कम्पोस्टिंग पर विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। वहीं देवकटिया सैन्य क्षेत्र में 348 मेडिकल रेजीमेंट एवं 14वीं बटालियन आईटीबीपी के सहयोग से व्यापक वृक्षारोपण अभियान चलाया जाएगा, जिसके अंतर्गत लगभग 1,000 पौधे रोपे जाएंगे।

पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनसहभागिता बढ़ाने के उद्देश्य से यक्षवती नदी के किनारे स्वच्छता एवं नदी पुनर्जीवन अभियान भी आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में 55वीं बटालियन एसएसबी, 12 कुमाऊँ, एनसीसी कैडेट्स तथा विद्यालयी छात्र सक्रिय रूप से भाग लेंगे।

इसके अलावा चंडाक हिल्स में विशेष स्वच्छता अभियान चलाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया जाएगा। इस अभियान में पूर्व सैनिक, स्वयंसेवी संस्थाएं, नागरिक प्रशासन और स्थानीय नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित की गई है।

5 जून को विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर पिथौरागढ़ छावनी क्षेत्र सहित विभिन्न ग्राम पंचायतों और विद्यालयों में वृक्षारोपण एवं पर्यावरण जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। साथ ही डॉन बॉस्को स्कूल, पिथौरागढ़ में पर्यावरण विषयक चित्रकला प्रतियोगिता, सांस्कृतिक कार्यक्रम तथा वृक्षारोपण गतिविधियों का आयोजन भी किया जाएगा।

130 इन्फैंट्री बटालियन (टीए) ईको कुमाऊँ द्वारा आयोजित यह पर्यावरण सप्ताह स्थानीय समुदाय, विद्यार्थियों और विभिन्न संस्थाओं को पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता तथा सतत विकास के प्रति जागरूक करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित होगा।

बटालियन ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे इन कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लें और पर्यावरण संरक्षण के इस जन-अभियान को सफल बनाने में अपना योगदान दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!