पूर्व प्राचार्य ने अपने गांव की 24 बालिकाओं को सम्मान निधि प्रदान की

-रिपोर्ट हरेंद्र बिष्ट –
थराली, 5 दिसंबर। पूर्व प्राचार्य डॉ.रमेश चंद्र पुरोहित ने थराली विकास खंड के अपने पैतृक गांव कुराड़ की 24 बालिकाओं को देव भूमि बालिका सम्मान निधि प्रदान की।
पूर्व प्राचार्य ने कुराड़ गांव की अति गरीब, दिव्यांग, अनाथ बालिकाओ को सहायता स्वरूप धनराशि राजकीय इंटर कालेज कुराड़ के प्रधानाचार्य तेजपाल सिंह को भेजी जिसे प्रधानाचार्य ने कालेज में आयोजित एक समारोह में छात्र-छात्राओं को प्रदान की।
इस मौके पर पूर्व प्राचार्य पुरोहित ने समारोह को ऑन लाइन संबोधित करते हुए कहा कि बालिकाओं के सम्मान , उनके जन्मोत्सव, पोषण दिवस, टीकाकरण दिवस, बालिकाओ को ज्ञान विज्ञान प्रतियोगिताओं से जोड़ने एवं उनको उच्च शिक्षा व प्रशिक्षण के लिए प्रेरित करने का वे लगातार प्रयास कर रहे हैं।
उन्होंने जनप्रतिनिधियों, समृद्धजनों से गरीब परिवारों की बालिकाओं के उत्थान के लिए आगे आने की अपील की। इस मौके पर कालेज के प्रधानाचार्य तेजपाल सिंह ने छात्राओं की सहायता के लिए पूर्व प्राचार्य का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर प्राचार्य के छोटे भाई उमा प्रसाद पुरोहित, आयोजक दीपा देवराड़ी,तुला राम देवराड़ी, धनी पुरोहित, मनीष पुरोहित, पूजा पाठक, शोभा राम देवराड़ी, रोशनी पांडे, वंदना देवराड़ी, गोपाल पाण्डे, राधा देवी, नीमा देवी सहित कई ग्रामीण मौजूद रहे।
