जिले में प्रथम, प्रदेश मेरिट में 9वां स्थान—रिद्धिमा रावत ने बढ़ाया पोखरी का मान
पोखरी, 25 अप्रैल ।। उत्तराखंड बोर्ड हाईस्कूल परीक्षा 2026 में शिवांगी इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल, पोखरी की छात्रा कुमारी रिद्धिमा रावत ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए 500 में से 479 अंक प्राप्त किए हैं। इस उपलब्धि के साथ उन्होंने जनपद में प्रथम स्थान हासिल किया, वहीं प्रदेश की मेरिट सूची में 9वां स्थान प्राप्त कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
विशेष बात यह है कि रिद्धिमा ने बिना किसी कोचिंग के, घर पर स्वअध्ययन के बल पर यह मुकाम हासिल किया। उनकी इस सफलता से विद्यालय, परिजनों और पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर है।
रिद्धिमा ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता और गुरुजनों के मार्गदर्शन व आशीर्वाद को दिया है। उन्होंने बताया कि नियमित पढ़ाई, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण ही उनकी सफलता का मूल मंत्र रहा।
भविष्य की योजनाओं के बारे में रिद्धिमा ने कहा कि वह आगे चलकर इंजीनियर बनना चाहती हैं और देश के विकास में अपना योगदान देना चाहती हैं। उनकी इस उपलब्धि पर विद्यालय के प्रधानाचार्य सत्येन्द्र बुटोला, परिवार, शिक्षकों एवं क्षेत्रवासियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
