क्षेत्रीय समाचार

हर्षिल में बाढ़ सुरक्षा कार्यों का एडीएम ने किया निरीक्षण, दिए आवश्यक निर्देश

 

उत्तरकाशी, 5 जुलाई। हर्षिल क्षेत्र में चल रहे बाढ़ सुरक्षा कार्यों का अपर जिलाधिकारी मुक्ता मिश्र ने रविवार को स्थलीय निरीक्षण कर प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने कार्यों की गुणवत्ता और गति का आकलन करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मानसून और नदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए बाढ़ सुरक्षा कार्यों में किसी भी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए। उन्होंने कहा कि नदी के तेज बहाव से हो रहे भूमि कटाव को रोकने के लिए सुरक्षात्मक कार्य समयबद्ध और प्रभावी ढंग से पूरे किए जाएं।

एडीएम ने स्थानीय आबादी और क्षेत्र में स्थित होटलों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने कार्यदायी संस्था से कहा कि निर्माण कार्यों की गति बढ़ाने के साथ-साथ गुणवत्ता का भी विशेष ध्यान रखा जाए। मौके पर निगरानी व्यवस्था को और सुदृढ़ करते हुए निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए, ताकि स्थानीय लोगों को किसी भी संभावित खतरे का सामना न करना पड़े।

निरीक्षण के दौरान अधिशासी अभियंता सचिन सिंघल, पुलिस एवं राजस्व विभाग के अधिकारी तथा स्थानीय ग्रामीण भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!