क्राइम

नौटी में 8 लाख की विद्युत सामग्री चोरी का खुलासा, चोरी का पूरा माल बरामद; चार आरोपी गिरफ्तार

 

गौचर, 5 जुलाई (गुसाईं)। कर्णप्रयाग के नौटी क्षेत्र में करीब आठ लाख रुपये मूल्य की विद्युत सामग्री चोरी के मामले का चमोली पुलिस ने सफल खुलासा करते हुए चोरी का पूरा माल बरामद कर लिया है। पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर रविवार को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार टी.एस. पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड के साइट इंजीनियर नकुल कुमार ने कोतवाली कर्णप्रयाग में शिकायत दर्ज कराई थी कि आरडीएसएस (RDSS) परियोजना के तहत नौटी, पुडियाणी और जाख गांवों में बिजली लाइन बदलने के लिए साइट पर रखी गई लगभग 1100 मीटर पीवीसी केबल, तीन से चार कुंतल एल्युमीनियम वायर तथा अन्य हार्डवेयर सामग्री अज्ञात चोर चोरी कर ले गए हैं। चोरी गए सामान की कीमत लगभग आठ लाख रुपये आंकी गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पंवार के निर्देश पर तत्काल मुकदमा दर्ज कर क्षेत्राधिकारी कर्णप्रयाग त्रिवेंद्र सिंह राणा के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक विनोद थपलियाल के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम गठित की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल के आसपास व्यापक सुरागरसी की और विभिन्न मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच में देर रात एक संदिग्ध छोटा हाथी (लोडर) वाहन की आवाजाही सामने आई। इसके आधार पर पुलिस ने 4 जुलाई को दोपहर करीब 12:30 बजे गौचर पुलिस चौकी पर संदिग्ध वाहन को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान वाहन से चोरी की गई पूरी विद्युत सामग्री बरामद कर ली गई।
पुलिस ने मौके से मोहम्मद दानिश पुत्र राशिद निवासी महमूनपुर टिगरी, थाना भोजपुर (जनपद मुरादाबाद), चांद मोहम्मद पुत्र इलियास, फरमान पुत्र बाबूखान निवासी ग्राम सैमरी, थाना राजपुरा (जनपद संभल) तथा सुएब पुत्र सालउद्दीन निवासी शिकारपुर (जनपद बुलंदशहर) को गिरफ्तार किया।
गौचर चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक मानवेन्द्र गुसाईं ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 303(2) एवं 317(2) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। चोरी की वारदात के सफल अनावरण में उपनिरीक्षक सरोज नौटियाल, अपर उपनिरीक्षक विजय जखमोला, अपर उपनिरीक्षक गणेश कुमार, हेड कांस्टेबल अशोक रावत, हेड कांस्टेबल हनुमंत तथा कांस्टेबल सुशील कुमार सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!