खेल/मनोरंजन

टीएमयू में मशहूर बांसुरी वादक पं. राजेंद्र प्रसन्ना ने दी प्रस्तुति

 

स्पिक मैके कार्यक्रम में बांसुरी और तबले की जुगलबंदी ने श्रोताओं को किया मंत्रमुग्ध

मुरादाबाद, 24 अप्रैल। तीर्थंकर महावीर यूनिवर्सिटी (टीएमयू), मुरादाबाद में आयोजित स्पिक मैके कार्यक्रम में सुप्रसिद्ध बांसुरी वादक पंडित राजेंद्र प्रसन्ना ने अपनी अद्वितीय प्रस्तुति से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। पंडित प्रसन्ना ने अपनी साधना, कला और मधुर सुरों से पूरे वातावरण को आध्यात्मिक ऊर्जा और आनंद से सराबोर कर दिया। उनकी बांसुरी से निकले प्रत्येक सुर ने श्रोताओं के हृदय को स्पर्श करते हुए अलौकिक अनुभूति प्रदान की।

कार्यक्रम में तबले पर पं. देवज्योति दास गुप्ता और बांसुरी पर श्री सम्यक पाराशरी की संगत ने प्रस्तुति को और भी प्रभावशाली बना दिया। मेडिकल कॉलेज के एलटी-2 सभागार में आयोजित दोनों सत्रों में संगीत प्रेमियों की उत्साहपूर्ण उपस्थिति रही, जिसने इस महफिल को अविस्मरणीय बना दिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। स्वागत भाषण में डीन स्टूडेंट्स वेलफेयर प्रो. एम.पी. सिंह ने कहा कि ऐसे सांस्कृतिक आयोजन विद्यार्थियों को भारतीय शास्त्रीय संगीत की समृद्ध परंपरा से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

इस अवसर पर स्पिक मैके के क्षेत्रीय समन्वयक प्रो. मुकुल किशोर, डेंटल कॉलेज के प्राचार्य प्रो. प्रदीप तांगड़े, प्रो. उपेंद्र मलिक, श्री अनंत भारद्वाज सहित डेंटल एवं नर्सिंग कॉलेज की फैकल्टी तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में राष्ट्रीय सेवा योजना के समन्वयक डॉ. रत्नेश जैन ने पंडित राजेंद्र प्रसन्ना और उनके सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। स्पिक मैके के इस कार्यक्रम में टीएमयू कल्चर एंड हेरिटेज क्लब का भी विशेष सहयोग रहा। कार्यक्रम का संचालन सीटीएलडी की फैकल्टी श्रीमती मणि सारस्वत ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!