गौचर मेले की दूसरी सांस्कृतिक संध्या में लोकगीतों और लोकनृत्यों की धूम
गौचर, 16 नवंबर (गुसाईं)। औद्योगिक विकास एवं सांस्कृतिक गौचर मेले की दूसरी सांस्कृतिक संध्या उत्तराखंड की समृद्ध लोकसंस्कृति के नाम रही। प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आए लोक कलाकारों ने पारंपरिक लोकगीतों, जागरों और लोकनृत्यों की शानदार प्रस्तुतियों से देर रात तक दर्शकों को बांधे रखा। लोकप्रिय लोकगीतों की धुनों पर दर्शक भी जमकर थिरके।
मेला मंच पर आयोजित दूसरी सांस्कृतिक संध्या का शुभारंभ उत्तराखंड भारतीय श्रमजीवी पत्रकार संघ के प्रदेश अध्यक्ष चंद्रवीर गायत्री और वरिष्ठ वैज्ञानिक इंद्र सिंह नेगी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद जय मां नंदा कला मंच, गैरसैंण के कलाकारों ने मां नंदा की जात यात्रा पर आधारित मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुति देकर दर्शकों को उत्तराखंड की धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं से रूबरू कराया। कलाकारों की प्रस्तुति को दर्शकों ने खूब सराहा।
इसके बाद प्रसिद्ध लोकगायिका डॉ. पम्मी नवल और लोकगायक मृणाल रतूड़ी ने मंच संभाला। दोनों कलाकारों ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से सांस्कृतिक संध्या में रंग जमा दिया। डॉ. पम्मी नवल की भैरवनाथ जागर की प्रस्तुति विशेष आकर्षण का केंद्र रही। उन्होंने पंचनाम देवतों, ‘ह्यूंद का दिन संध्या जात’, ‘सोंजड़िया नी रौंदू मन तेरा बिना’ और ‘देहरादून की बांद माया’ सहित अनेक लोकप्रिय गीत प्रस्तुत कर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। पारंपरिक जागरों और लोकगीतों के माध्यम से उन्होंने उत्तराखंड की लोकआस्था और सांस्कृतिक विरासत की झलक प्रस्तुत की।
सांस्कृतिक संध्या का आकर्षण उस समय और बढ़ गया, जब लोकप्रिय लोकगायक रोहित चौहान और लोकगायिका अनीषा रांगड़ ने मंच संभाला। दोनों कलाकारों ने ‘जय मैया दुर्गा भवानी’ भजन से अपने कार्यक्रम की शुरुआत की। इसके बाद ‘खुटी मां तेरा सरुली’ और ‘मेरी भानुली जाईं च ब्यूटी पार्लर मां’ सहित कई लोकप्रिय गीतों की प्रस्तुतियों ने दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। कलाकारों की ऊर्जावान प्रस्तुतियों और गीतों की मधुर धुनों पर दर्शक देर रात तक थिरकते रहे। पूरा मेला पंडाल तालियों की गड़गड़ाहट और दर्शकों के उत्साह से गूंजता रहा।
सांस्कृतिक संध्या में पारंपरिक जागरों से लेकर आधुनिक गढ़वाली लोकगीतों तक की प्रस्तुतियों ने दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। विभिन्न आयु वर्ग के लोगों ने कार्यक्रम का आनंद उठाया।
इस अवसर पर मेलाधिकारी एवं उपजिलाधिकारी अलकेश नौडियाल, अनीता नैथानी, पूजा पंवार, विनोद थपलियाल, मानवेंद्र गुसाईं, व्यापार संघ अध्यक्ष राकेश लिंगवाल, नवीन टाकुली सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक और मेलार्थी उपस्थित रहे।

